Kanpur: वाह री स्मार्ट व्यवस्था: कूड़ाघरों में कूड़े का कैसे हो सफाया, जब ट्रांसफर स्टेशनों पर ही पड़ा हो ताला...

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

सफाई कर्मी ठेले पर लाने वाली गंदगी बाहर सड़क पर फेंकने को मजबूर

कानपुर, अमृत विचार। शहर में स्मार्ट कूड़ा संग्रहण के लिए बनाये गए कई ट्रांसफर स्टेशनों पर ताला लगा हुआ है। सफाई कर्मचारी मजबूरन कूड़ा ट्रांसफर स्टेशनों के बाहर डंप कर रहे हैं। हर जोन में इस तरह की समस्या है। इससे कूड़े के स्मार्ट निस्तारण की पूरी प्रक्रिया चौपट होकर गंदगी और बढ़ा रही है। ठेकेदारों की ओर से नगर निगम को ट्रांसफर स्टेशन हस्तांतरित नहीं किए जाने से यह समस्या खड़ी हो गई है। 

शहर में खुले कूड़ा घरों को खत्म करने के लिए नगर निगम ने 72 कूड़ा ट्रांसफर स्टेशन बनाने का फैसला लिया था। इसके निर्माण के लिए 16 अक्टूबर 2023 को साई बिल्डर्स को वर्क ऑर्डर  जारी किया गया था। कंपनी ने नगर आयुक्त से शिकायत की थी कि कई जगह पर आम जनता की आपत्ति के बाद काम बंद करना पड़ा है। कई स्थानों पर आसपास स्थित सरकारी विभागों ने काम रुकवा दिया गया है। 

इससे कूड़ा ट्रांसफर स्टेशनों का निर्माण कार्य पूरा करने में देरी हो रही है। लेकिन हकीकत यह है कि जो कूड़ा ट्रांसफर स्टेशन बन चुके हैं उनको ही कंपनी ने नगर निगम को हस्तांतरित नहीं किया जा रहा है। इससे सफाई कर्मचारी स्टेशन के बाहर सड़क पर कूड़ा डंप कर रहे हैं। 

केवल नौ स्थानों पर स्मार्ट तरीके से कूड़ा निस्तारण

स्मार्ट सिटी के तहत शहर को कूड़ा मुक्त बनाने को लेकर 31 ट्रांसफर पूरी तरह बनकर तैयार  हो चुके हैं। इनमें नौ ट्रांसफर स्टेशनों में स्मार्ट तरीके से कूड़ा संग्रहण शुरू हो गया है। लेकिन 11 में अभी ताला जड़ा हुआ है। 
11 ट्रांसफर स्टेशनों का काम रुका पड़ा है

वर्तमान में 20 ट्रांसफर स्टेशन शहर के अलग-अलग जोन में बनाये जा रहे हैं। इनमें जोन एक में सबसे ज्यादा सात ट्रांसफर स्टेशन हैं। लेकिन 11 ट्रांसफर स्टेशनों का काम रुका पड़ा है। एक स्टेशन को बनाने पर नगर निगम 13 लाख 82 हजार रुपये खर्च कर रहा है। 

यहां ट्रांसफर स्टेशनों के बाहर खुले में फेंका जा रहा कूड़ा

निराला नगर, किदवई नगर संजय वन के पास, बाकरगंज, जाजमऊ में, परमपुरवा, सूटरगंज, कल्याणपुर और मसवानपुर। 

अभी नौ स्टेशनों पर ही रखे गए पोर्टेबल कॉम्पैक्टर  

नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अजय संखवार ने कहा कि 34 कूड़ा ट्रांसफर स्टेशनों में पोर्टेबल कॉम्पैक्टर प्रस्तावित हैं। इसमें नौ जगह पोर्टेबल कॉम्पैक्टर रख दिए गए हैं। पांच अलग-अलग कंपनियों को ठेका दिया गया है। अब शहर में प्रतिदिन 300 मीट्रिक टन कूड़ा सीधा कंटेनरों में बंद किया जा रहा है। 

यहां स्मार्ट तरीके से किया जा रहा गंदगी का निस्तारण
 
द्वारिकापुरी, भैरोघाट, ग्रीन पार्क के पीछे सिविल लाइंस, बजरिया, संगीत टाकीज के बगल में टेनरी, डिप्टी पड़ाव के पीछे कंजरिया, एलआईसी फूलबाग, बाबूपुरवा एनएलसी चौकी, एमआईजी तिराहा पनकी में पोर्टेबल कॉम्पैक्टर के जरिए कूड़ा एकत्र किया जा रहा है।

यह भी पढ़ें- Good News: केडीए होली से पहले देगा 752 प्लॉट्स का गिफ्ट; ई-ऑक्शन से मिलेंगे घर, लाभ उठाने की ये है अंतिम तिथि...

 

संबंधित समाचार