बरेली कॉलेज में फार्म जमा करने का पकड़ा गया एक और खेल 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बीए का छात्र फार्म जमा करने पहुंचा था, कर्मचारियों ने पकड़ा

बरेली,अमृत विचार। रुहेलखंड विश्वविद्यालय की वार्षिक परीक्षा के निजी फार्म जमा करने का एक और खेल सोमवार को पकड़ा गया। बरेली कॉलेज में बीए तृतीय वर्ष का एक छात्र फार्म जमा करने के लिए पहुंचा। कर्मचारियों ने उसे पकड़ लिया, क्योंकि उसका फार्म कॉलेज में बिना शुल्क जमा किए फारवर्ड किया गया था। कर्मचारी छात्र को प्राचार्य प्रो. ओपी राय के पास लेकर पहुंचे और उसका फार्म जमा करने से मना कर दिया।

जब छात्र से पूछताछ की तो उसने बताया कि विश्वविद्यालय ने फार्म जमा करने की तिथि बढ़ा दी है और उसने विश्वविद्यालय में किसी कर्मचारी से फार्म फारवर्ड कराया है। इसके बाद प्राचार्य ने विश्वविद्यालय में परीक्षा नियंत्रक संजीव कुमार को फोन कर शिकायत की। परीक्षा नियंत्रक ने जांच की बात कही है। वहीं पहले के मामले में प्राचार्य ने समिति को जांच के लिए समय 16 मार्च तक बढ़ा दिया है। इस दौरान समिति को कई तरह की जानकारियां मिल रही हैं, जिसमें कर्मचारियों के द्वारा खेल करने की बात भी सामने आ रही है।

निजी परीक्षा फार्म का डाटा हो रहा एकत्र
बरेली कॉलेज में बिना शुल्क जमा किए निजी परीक्षा फार्म जमा करने के खेल में समिति ने जांच शुरू कर दी है। प्रो. रीना अग्रवाल के नेतृत्व में बनी समिति ने परीक्षा फार्म जमा करने और रसीद काटने वाले सभी कर्मचारियों से फार्म का डाटा मांगा है। इसमें 4 और फिर 7 मार्च तक किस कर्मचारी ने कितने फार्म जमा किए, उसे अपना अलग-अलग डाटा देना है। इसके अलावा प्राचार्य प्रो. ओपी राय के माध्यम से विश्वविद्यालय से भी डाटा उपलब्ध कराने की मांग की गई है, ताकि कॉलेज और विश्वविद्यालय के डाटा से मिलान किया जा सके। समिति डाटा मिलने के बाद बुधवार को बैठक करेगी और इसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

ये भी पढ़ें- बरेली: शिक्षकों और कर्मचारियों की मेहनत से मिली सौ करोड़ की ग्रांट मगर प्रोन्नति की फाइल दबाई

संबंधित समाचार