लखीमपुर खीरी: चौकी पर बैठी रही पुलिस... ब्रेड बास्केट की दुकान से एक लाख की चोरी, नहीं लगी भनक  

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

रोडवेज चौकी के सामने हुई वारदात, टिनशेड काटकर घुसे चोर, पुलिस को नहीं लगी भनक 

लखीमपुर खीरी, अमृत विचार। शहर में अपराधियों में पुलिस का खौफ नहीं दिख रहा है। चोरी, लूट की घटनाएं हो रहीं हैं तो कहीं दिनदहाड़े फायरिंग कहीं पुलिस पिट रही है। पुलिस से बेखौफ चोरों ने शहर की रोडवेज चौकी के सामने स्थित एक ब्रेड बास्केट की दुकान की टिनशेड काटकर अंदर घुसे चोर लैपटॉप, चाकलेट, सीसीटीवी कैमरे की डीवीआर और नगदी समेत करीब एक लाख रुपये का सामान चोरी कर ले गए। खास बात यह है कि पुलिस चौकी पर बैठी रही और उसे पता नहीं चला।

शहर के मोहल्ला आवास विकास निकट डॉन बॉस्को स्कूल निवासी विक्रम सचदेवा की रोडवेज पुलिस चौकी के सामने ब्रेड बास्केट की दुकान है। रोडवेज बस अड्डा होने के कारण इस मार्ग पर पूरी रात आवागमन रहता है। दुकान के सामने ही रोडवेज पुलिस चौकी है, जिस पर रात में भी होमगार्ड और सिपाही रहते हैं। पुलिस से बेखौफ चोर सोमवार की रात दुकान की छत पर चढ़ गए और उस पर पड़ी टिनशेड काटकर दुकान के अंदर घुस गए। चोरों ने दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे के तार काट दिए और बेखौफ होकर दुकान में रखा सामान खंगाल डाला। घटना की जानकारी सुबह तब हुई। 

जब वह दुकान खोलने पहुंचे। दुकान के अंदर घुसते ही उनकी नजर दुकान में बिखरे पड़े सामान पर पड़ी। उन्होंने छत की तरफ नजर दौड़ाई तो देखा कि टिनशेट कटी हुई थी। दुकान में रखा लैपटॉप, चॉकलेट, नगदी समेत करीब एक लाख रुपये का सामान गायब था। यह देख उनके होश उड़ गए। दुकान स्वामी ने बताया कि चोर सीसीटीवी कैमरे की डीवीआर भी निकालकर अपने साथ ले गए हैं। 

पुलिस चौकी के सामने हुई चोरी की वारदात के बाद आसपास के व्यापारियों में भी हड़कंप मच गया। तमाम लोग मौके पर पहुंच गए। घटना की सूचना पर रोडवेज चौकी पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटना स्थल का निरीक्षण किया। दुकानदार ने चोरों के खिलाफ सदर कोतवाली पुलिस को तहरीर दी है, लेकिन पुलिस ने अभी रिपोर्ट दर्ज नहीं की है। बताते चलें कि शहर में इन दिनों अपराधी पुलिस से बेखौफ हैं। वाहन चोरियों के साथ ही बंद घरों को चोर निशाना बना रहे हैं।

होमगार्ड के सहारे रहती है पुलिस चौकी 
लखीमपुर खीरी। शहर की रोडवेज पुलिस चौकी के सामने ब्रेड बास्केट की दुकान में चोरी की वारदात ने सदर कोतवाली पुलिस की सक्रियता पर सवाल खड़े कर दिए हैं। साथ ही गस्त व्यवस्था की पोल भी खोल कर रख दी है। सूत्र बताते हैं कि दिन हो चाहे रात। रोडवेज पुलिस चौकी पर तैनात दरोगा और सिपाही अक्सर गायब रहते हैं। यदि कोई पीड़ित चौकी पहुंचता भी है तो उसे या तो सदर कोतवाली भेज दिया जा सकता है। यह फिर थोड़ी देर बाद आने की बात कहकर टरका दिया जाता है। कहने को तो रोडवेज पुलिस चौकी है, लेकिन यह चौकी एक होमगार्ड के सहारे रहती है। 

घटना की तहरीर मिली है। छानबीन की जा रही है। आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगाला जा रहा है। जांच के बाद रिपोर्ट दर्ज कर जल्द घटना का खुलासा किया जाएगा-अंबर सिंह प्रभारी निरीक्षक कोतवाली सदर।

ये भी पढ़ें- लखीमपुर खीरी: फिर विवादों में घिरा पूर्व मंत्री, मधुमिता की बहन को अमरमणि से खतरा

संबंधित समाचार