लखीमपुर-खीरी: सीएमओ को बिना डॉक्टर भर्ती मिले मरीज, शिव हॉस्पिटल सील
गोला गोकर्णनाथ, अमृत विचारः डिप्टी सीएमओ लाल पासी ने सीएचसी की प्रभारी अधीक्षक डॉ. यामिनी बादल, डॉ अजय वर्मा और डॉ. अशोक बिहारी के साथ लखीमपुर रोड पर स्थित शिव हॉस्पिटल का बुधवार को निरीक्षण किया तो वह हैरान रह गए। अस्पताल में कोई डॉक्टर नहीं मिला और न ही मौजूद स्टॉफ कोई सटीक जानकारी दे पाया, जबकि वहां आठ महिलाएं भर्ती थीं, जिसमें सात प्रसूताएं है और आठवीं के यूट्रस का ऑपरेशन किया गया है।
कोई अभिलेख न दिखा पाने पर अस्पताल को सील कर दिया गया और सभी महिला मरीजों को सीएचसी में भर्ती कराया गया, जबकि एक महिला को गंभीर हालत के कारण एंबुलेंस से जिला अस्पताल भिजवाया गया है।
बता दें कि स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों की ताबड़तोड़ चेकिंग के बावजूद नगर में अमर बेल की तरह फैले अस्पतालों में मरीजों को गुमराह कर शोषण किया जा रहा है, जहां न डॉक्टर और न ही मेडिकल सुविधाएं फिर भी मरीज भर्ती किए जा रहे हैं। बुधवार को डिप्टी सीएमओ को जानकारी मिली की लखीमपुर रोड स्थित शिव हॉस्पिटल का रजिस्ट्रेशन समाप्त हो चुका है। मेडिकल व्यवस्थाएं नहीं हैं, फिर भी मौके पर आठ महिलाएं मरीज भर्ती मिलीं। अस्पताल में कोई चिकित्सक नहीं मिला।
डिप्टी सीएमओ ने अस्पताल सील कर दिया। बताया कि अस्पताल की कई बार शिकायत मिल चुकी थी। अस्पताल का रजिस्ट्रेशन दो महीने पहले समाप्त हो चुका था। अस्पताल में कई मरीजों का ऑपरेशन किया गया था, जिसके कारण अस्पताल को सील कर दिया गया है। मेडिकल टीम में बताया कि शीघ्र ही शहर के सभी अवैध अस्पतालों का निरीक्षण कर सील किया जाएगा।
वहीं सीएचसी प्रभारी डॉ. यामिनी बादल ने बताया कि शिव अस्पताल में ऑपरेशन के साथ मरीज भर्ती थे, जिनमें से डिलीवरी के छह मरीजों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है, जबकि हैदराबाद थाना क्षेत्र के गांव निवासी एक महिला मरीज की हालत गंभीर होने के कारण एंबुलेंस द्वारा जिला अस्पताल भेज दिया गया है।
यह भी पढ़ें- लखीमपुर-खीरी; श्मशान की जमीन पर चली जेसीबी, ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन
