फोर्ब्स ने जारी की धनकुबेरों की सूची, मुकेश अंबानी लगातार 13वें साल टॉप पर

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

नई दिल्ली। रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड ( आरआईएल ) के मालिक मुकेश अंबानी ‘फोर्ब्स’की भारतीय धनकुबेरों की सूची में लगातार तेरहवें साल 2020 में भी 88.7 अरब डालर की संपत्ति के साथ पहले स्थान पर काबिज हैं। अमेरिकी पत्रिका फोर्ब्स की जारी 100 सबसे अमीर भारतीयों की सूची में अंबानी के बाद दूसरे नंबर पर गौतम …

नई दिल्ली। रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड ( आरआईएल ) के मालिक मुकेश अंबानी ‘फोर्ब्स’की भारतीय धनकुबेरों की सूची में लगातार तेरहवें साल 2020 में भी 88.7 अरब डालर की संपत्ति के साथ पहले स्थान पर काबिज हैं। अमेरिकी पत्रिका फोर्ब्स की जारी 100 सबसे अमीर भारतीयों की सूची में अंबानी के बाद दूसरे नंबर पर गौतम अडानी है।  अंबानी की तुलना में हालांकि गौतम अडानी की पूंजी काफी कम 25.7 अरब डालर ही है।

सूची के अनुसार पहले सौ अमीर भारतीयों की 2020 में कुल संपत्ति 517.5 अरब डालर है । यह राशि पिछले साल की सूची में शामिल धनकुबेरों से 14 प्रतिशत अधिक है। एचसीएल टेक्नोलॉजी लिमिटेड के शिव नाडार 20.4 अरब डालर की संपत्ति के साथ तीसरे स्थान पर हैं। चौथे स्थान पर डी मार्ट के मालिक राधाकिशन दमानी हैं और वह 15.4 अरब डालर की दौलत के मालिक हैं।  अंबानी का रथ वैश्विक महामारी कोविड-19 में भी नहीं रुका। आरआईएल को वह तय समय से पहले कर्ज मुक्त बनाने में सफल रहे। इस लक्ष्य को हासिल करने में अंबानी के लिए जियो प्लेटफॉर्म्स सफेद हाथी साबित हुआ और कंपनी में फेसबुक और सिल्वर लेक समेत कई बड़े नामीगिरामी विदेशी निवेशकों ने डेढ़ लाख करोड़ रुपये से अधिक का निवेश किया।

फिलहाल रिलायंस अपनी अनुषंगी रिलायंस रिटेल के जरिये धन बटोर रहे हैं और एक माह से कम समय में आठ निवेश प्रस्तावों 8.48 प्रतिशत इक्विटी बेचकर 37 हजार 810 करोड़ रुपये जुटा चुके हैं। कोरोना वायरस के संकटकाल में श्री अंबानी की दौलत में हर घंटे 90 करोड़ रुपए से अधिक का इजाफा हुआ है। फोर्ब्स की सूची में पांचवां स्थान हिंदुजा ब्रदर्स को मिला है। इनकी कुल दौलत 12.8 अरब डालर है।

भारत के वैक्सीन सम्राट के रुप में पहचान रखने वाले साइरस पूनावला 11.5 अरब डालर की संपत्ति के साथ छठे नंबर पर हैं। निर्माण क्षेत्र की हस्ती पालोनजी मिस्त्री को सातवां स्थान मिला है और उनके पास 11.4 अरब डालर की संपत्ति है। कोटक महिंद्रा बैंक के उदय कोटक 11.3 अरब डालर के साथ आठवें नंबर और गोदरेज फैमिली 11 अरब डालर की पूंजी से नौवें नंबर पर है। सूची में दसवां नंबर पर हैं इस्पात क्षेत्र की हस्ती लक्ष्मी मित्तल का जिनके पास 10.3 अरब डालर की दौलत है। इस वर्ष फोर्ब्‍स सूची में शामिल कई नए नामों में रिलैक्‍सो फुटवेयर के रमेश कुमार और मुकुंद लाल दुआ, जीआरटी ज्‍वेलर्स के जी राजेंद्र प्रमुख हैं।

संबंधित समाचार