Kanpur: गांजा तस्कर ने परिवार समेत मिलकर किया पुलिस टीम पर हमला; कई पुलिसकर्मी हुए घायल, आरोपी मौके से फरार

Kanpur: गांजा तस्कर ने परिवार समेत मिलकर किया पुलिस टीम पर हमला; कई पुलिसकर्मी हुए घायल, आरोपी मौके से फरार

कानपुर, अमृत विचार। जाजमऊ थाना क्षेत्र में सत्यापन करने गई पुलिस टीम पर गांजा तस्कर ने परिवार के साथ मिलकर हमला बोल दिया। इस घटना में दरोगा और दो सिपाही घायल हो गए। वारदात अंजाम देकर मुख्य शातिर आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने परिवार के तीन सदस्यों को हिरासत में लिया है। पुलिस ने आरोपी गांजा तस्कर समेत 11 लोगों के खिलाफ संगीन धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की है।
  
बुधवार रात जाजमऊ पुलिस टीम जाजमऊ स्थित बुढ़िया घाट स्थित गांजा तस्कर राजा रब्बानी के घर सत्यापन के लिए गई थी। तभी आरोपी गांजा तस्कर ने परिवार के साथ मिलकर पुलिस टीम पर हमला कर दिया। मौका पाकर गांजा तस्कर राजा रब्बानी मौके से फरार हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने घायल दरोगा राजन सिंह समेत दोनों सिपाहियो को घायल अवस्था में कांशीराम अस्पताल भेजा। 

वहीं पुलिस ने घर की तीन महिलाओं को भी हिरासत में लिया है। पुलिस इस मामले को देर रात तक छिपाने में लगी रही। डीसीपी पूर्वी श्रवण कुमार सिंह ने बताया गांजा तस्कर के घर सत्यापन के लिए टीम गई थी। जहां पर महिलाओं ने हाथापाई की है। आरोपी राजा रब्बानी, उसके भाई गब्बर, मां अफसाना, पत्नी सना, रोशनी, सोना, शाहनवाज समेत 11 लोगों के खिलाफ सेवन सीएलए, मारपीट, बलवा की धारा में मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपी की मां अफसाना, पत्नी सना, बहन सोना को गिरफ्तार कर लिया गया है।

मादक पदार्थों का बड़ा तस्कर रब्बानी 

जाजमऊ बुढ़िया घाट निवासी राजा रब्बानी मादक पदार्थों खुलेआम तस्करी करता है। कुछ समय पहले जेल से छूटा है। राजा रब्बानी की कई लोगों से बिक्री को लेकर सीधी दुश्मनी चलती है। जिसको लेकर कई बार गोलियां भी चल चुकी हैं। पूर्व में राजा को लेकर सोशल मीडिया में पत्र वायरल हुआ था। जिसमे एक दरोगा पर मादक पदार्थ बेचने के एवज में महीना 50 हजार देने के लिए लिखा था। इसके बाद उच्चाधिकारियों ने मामले की जांच की थी।

ताजा समाचार