बहराइच: युवक की हत्या कर पुलिया के नीचे फेंका शव, महिला समेत तीन पर हत्या का आरोप

बहराइच: युवक की हत्या कर पुलिया के नीचे फेंका शव, महिला समेत तीन पर हत्या का आरोप

नानपारा/बहराइच, अमृत विचार। जनपद के गोविंदसिंह पुरवा गांव के निकट पुलिया में एक युवक की हत्या कर शव छिपा दिया गया। परिवार के लोगों ने शव की पहचान करते हुए महिला समेत तीन लोगों पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने लाश को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। 

राम गांव थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत बल्दीपुरवा निवासी ननकन्ने (25) पुत्र पन्ना लाल चार दिन पूर्व घर से गायब हो गया था। परिवार के लोगों ने गंभीरवा चौकी इंचार्ज नरेंद्र चौधरी को शिकायती पत्र देकर केस दर्ज करने की मांग की थी। पुलिस और परिवार के लोग युवक की तलाश कर रहे थे। वहीं गुरुवार शाम को मटेरा थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत भोगाजोत के गोविंद सिंह पुरवा पुलिया के नीचे शव छिपा देखा। 

आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शव की पहचान आसपास के लोगों से कराई। परिवार के लोगों ने मृतक की पहचान ननकन्ने के रूप में की। साथ ही गांव निवासी बवाली, नकुल और नकुल की पत्नी पर हत्या कर शव फेंके जाने का आरोप लगाया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस अधीक्षक वृंदा शुक्ला ने निरीक्षण किया। साथ ही जल्द ही घटना के खुलासे का निर्देश दिए। 

दूसरी बार मिला शव

मटेरा थाना क्षेत्र में शव मिलने का सिलसिला जारी है। अभी एक सप्ताह भी नहीं बीता है, एक युवक का शव मिला था। वहीं गुरुवार को पुनः शव मिलने पर पुलिस के सुरक्षा और गश्त पर सवाल उठ रहे हैं।

यह भी पढ़ें:-लखनऊ: टक्कर के बाद स्कूटी सवार महिला ने युवक को जूते से पीटा, वीडियो वायरल