गाजियाबाद: पत्नी और बेटे की धारदार हथियार से हत्या कर युवक ने किया सुसाइड का प्रयास

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

गाजियाबाद। उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले में कर्ज के बोझ तले दबे अवसादग्रस्त एक व्यक्ति ने धारदार हथियार से पत्नी और बेटे की हत्या करने के बाद आत्महत्या करने का प्रयास किया। पुलिस ने बताया कि प्रारंभिक जांच से पता चला कि अमरदीप शर्मा (42) पर कर्ज का बोझ था, जिसकी वजह से वह अवसाद में चला गया। 

उन्होंने कहा कि कवि नगर थाना अंतर्गत महिन्द्रा एनक्लेव निवासी अमरदीप ने अपने घर पर ही घटना को अंजाम दिया। बरामद सुसाइड नोट में शर्मा ने अपनी पत्नी सोनू शर्मा (36) और बेटे विनायक (11) की हत्या के लिए ईश्वर से क्षमा मांगी है। डीसीपी (सिटी) ज्ञानंजय सिंह ने बताया कि अमरदीप ने अस्पताल में अचेत अवस्था में पुलिस के सामने अपना अपराध स्वीकार किया है। 

उन्होंने बताया कि बृहस्पतिवार को दोपहर करीब दो बजे शर्मा ने हिमाचल प्रदेश में रहने वाले अपने छोटे भाई को फोन कर कहा कि किसी ने उन पर हमला किया है। इस पर छोटे भाई ने अपनी रिश्तेदार संगीता को फोन किया जो घटनास्थल पर पहुंची और दरवाजा खटखटाया, लेकिन भीतर से कोई जवाब नहीं मिला। 

सिंह ने बताया कि इसके बाद संगीता ने पड़ोसियों की मदद से दरवाजा तोड़ा तो सोनू शर्मा और विनायक का शव बिस्तर पर पड़ा पाया। उन्होंने बताया कि सूचना पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और कानूनी औपचारिकताएं पूरी की। उन्होंने बताया कि पुलिस टीम इस मामले में कुछ अन्य सुराग तलाश रही है और अमरदीप के सामान्य स्थिति में वापस आने पर ही इस मामले की वास्तविक स्थिति का पता चल सकेगा। पुलिस इस अपराध में प्रयुक्त हथियार खोजने का प्रयास कर रही है। 

यह भी पढ़ें:-लखनऊ: टक्कर के बाद स्कूटी सवार महिला ने युवक को जूते से पीटा, वीडियो वायरल

संबंधित समाचार