Kanpur: यात्रियों के लिए शटल सेवा शुरू; शहर में अब इन रूटों पर नहीं चलेंगे ई-रिक्शे...मनमानी करने पर ई-रिक्शा होगा सीज

Kanpur: यात्रियों के लिए शटल सेवा शुरू; शहर में अब इन रूटों पर नहीं चलेंगे ई-रिक्शे...मनमानी करने पर ई-रिक्शा होगा सीज

कानपुर, अमृत विचार। शहर में यातायात सुगम और  सुव्यवस्थित करने के लिए कमिश्नरेट पुलिस ने कुछ रूटों पर 15 दिन पहले शटल सेवा का ट्रायल शुरू किया था। इसके बाद बुधवार से 14 रूटों पर शटल सेवा शुरू कर दी गई है। ये सभी रुट कम दूरी के हैं और जहां ये सेवा शुरू होगी, वहां पुलिस और ट्रैफिक कर्मी तैनात किए गए हैं। इससे शहरवासियों को जाम से राहत मिलेगी, ई-रिक्शा की अराजकता पर लगाम लगेगी। 

पुलिस कमिश्नर अखिल कुमार के आदेश पर यातायात पुलिस ने ऐसे रूट पर काम किया है, जहां जाम ज्यादा लगता है। इन रूटों पर ई-रिक्शा की वजह से पीछे से आने वाले यातायात की गति धीमी हो जाती है और जाम लगता है। फजलगंज चौराहे से गोविंद नगर जाने के दौरान 165 सेकेंड की रेड लाइट है।

जबकि केवल 65 सेकेंड की ग्रीन लाइट है। इसी समय अवधि पर फजलगंज से मरियमपुर की तरफ की रेड लाइट है। ऐसा ही टाटमिल, विजयनगर, मेघदूत तिराहा, रामादेवी, टाटमिल, यशोदा नगर और नौबस्ता बाईपास पर भी है। ऐसे में यहां ई-रिक्शा के कारण ट्रैफिक फंसाव होता था।  

नाबालिग नहीं चला पाएंगे ई-रिक्शा

यातायात पुलिस ई-रिक्शा चलाने वाले नाबालिगों पर भी कार्रवाई करेगी। पुलिस अधिकारियों के अनुसार ई-रिक्शा चलाते हुए पकड़े जाने पर नाबालिग के परिवार वालों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।   

इन मार्गों पर लगाई गई रोक

-किदवई नगर से घंटाघर रोड पर बाकरगंज तक।
-नौबस्ता बाईपास से न तो ओवरब्रिज पर आएंगे और न ही नीचे चलेंगे।
-टाटमिल से अफीमकोठी, जरीब चौकी और कोकाकोला चौराहा।
-टाटमिल से रामादेवी रोड 
-फजलगंज से विजयनगर 
-रावतपुर से कल्याणपुर रोड 
-रामादेवी से जाजमऊ 
-रामादेवी से महाराजपुर रोड 
-विजय नगर से पनकी रोड 
-ट्रांसपोर्ट नगर के अंदर 
-घंटाघर से मालगोदाम की ओर 
-मंधना से बिठूर रोड 
-यशोदा नगर और नौबस्ता से भारी वाहन वाले हर रूट पर।

प्रतिबंधित रूट पर ई-रिक्शा चलता मिलने पर होगा सीज

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि प्रतिबंधित रूट पर ई-रिक्शा चलते पाए जाने पर ई-रिक्शा तो सीज होगा ही साथ ही चालक और उसके परिवार के साथ ठेके या किराए पर ई-रिक्शा चलवाने वाले के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। 

अंदर की सड़कों पर होगा संचालन

डीसीपी आरती सिंह ने बताया कि मुख्य सड़कों से जुड़ी अंदर की सड़कों पर ई रिक्शा के संचालन की योजना बनाई जा रही है। जल्द ही इनके रूट निर्धारित किए जाएंगे। कानपुर में सड़कें इतनी चौड़ी नहीं हैं, कि ई-रिक्शा के लिए अलग लेन बनाई जाए। आम तौर पर देखा जाता है कि रेड लाइट होने पर ई-रिक्शा आगे खड़े हो जाते हैं और ग्रीन लाइट होने जब तक पीछे वाले वाहन आगे आते हैं लाइट फिर से रेड हो जाती है।  

लगाए जाएंगे साइन बो़र्ड 

संयुक्त पुलिस आयुक्त कानून एवं व्यवस्था हरीश चंदर ने बताया कि शहर से ई-रिक्शों की अराजकता खत्म की जाएगी। कोशिश रहेगी कि होली और ईद के दौरान लोगों को जाम से राहत मिलेगी। प्रतिबंधित रूटों पर जानकारी के लिए साइन बोर्ड लगाया जाएगा। 

कानपुर में शटल सेवा का ट्रायल 15 दिन से किया जा रहा था, बेहतर ट्रैफिक शटल सेवा शुरू की गई है। कुछ रूटों पर ई-रिक्शा प्रतिबंधित किया गया है। नियम न मानने वालों पर कार्रवाई की जाएगी। -अखिल कुमार, पुलिस कमिश्नर

यह भी पढ़ें- Kanpur News: बॉटनिकल गार्डेन बनेगा पिकनिक स्पॉट; नये सिरे से किया जाएगा डिजाइन, केडीए ने शुरू की तैयारी