''शक्ति वन'' में नवंबर से हरियाली के बीच कर सकेंगे सैर, 30 हजार वर्गमीटर में लगाए जाएंगे 62,348 पौधे
अयोध्या रोड पर कुकरैल के किनारे नगर निगम विकसित कर रहा पार्क; पार्किंग और बाउंड्री का काम पूरा, प्रवेश द्वार व पाथ-वे का निर्माण जारी
लखनऊ, अमृत विचार : ''शक्ति वन'' में नवंबर से हरियाली के बीच लोग सैर कर सकेंगे। बच्चों के खेलने के लिए झूले और बैठने के लिए बेंच रहेंगी। अयोध्या रोड पर कुकरैल के किनारे अतिक्रमण हटाकर खाली कराई गयी इस जमीन पर नगर निगम ''शक्ति वन'' विकसित कर रहा है। नगर निगम के अभियंत्रण विभाग ने पार्किंग और बाउंड्री के साथ चेन लिंग फेसिंग का काम पूरा कर लिया है। प्रवेश द्वार व पाथ वे का काम प्रगति पर है। लोगों की सुविधा के लिए एक कॉम्प्लेक्स भी बनाया जाएगा। लगभग 30,000 वर्गमीटर में 62348 पौधे लगाने का काम नगर निगम के उद्यान विभाग ने शुरू कर दिया है। तीन महीने में शक्ति वन पूरा हरा-भरा हो जाएगा।
पार्क में ओपन जिम और रहेगा लॉन
पार्क में लोगों को स्वच्छ वातावरण देने के साथ ही सेहत का भी ध्यान रखा जाएगा। ओपन जिम लगाने के साथ लॉन भी रहेगा। लोगों के टहलने के लिए 300 मीटर रोड बनाई जाएगी। खूबसूरती के लिए म्यूजिकल फाउंटेन और लोगों की सुविधा के लिए शौचालय की व्यवस्था की जाएगी। पेड़-पौधों की सिंचाई के लिए रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम लगाया जाएगा।

मियावाकी पद्धति से लगाए जाएंगे 14 हजार पौधे
शक्ति वन में नगर निगम का उद्यान विभाग मियावाकी पद्धति से 4000 वर्गमीटर क्षेत्रफल में लगभग 14,000 पौधे लगाएगा। इसके अलावा अशोक, सीता, बरगद, पीपल, गूलर, रुद्राक्ष, अमरूद, आम, जामुन, मौल श्री, अर्जुन, शहतूत, कचनार, नींबू, शीशम, गुलमोहर, अशोक सहित विभिन्न प्रजातियों के 3318 पौधे लगाए जाएंगे। 35700 बाड़दार पौधे और 9310 झाड़ीदार पौधे होंगे।
पार्किंग और बाउंड्री का काम पूरा हो गया है। अब प्रवेश द्वार व पाथ-वे बनाने का काम चल रहा है। नवंबर तक सभी कार्य पूरे हो जाएंगे। इसके अलावा पौधरोपण का कार्य भी तेजी से चल रहा है।
नजमी मुजफ्फर, नगर अभियंता नगर निगम जोन 3
यह भी पढ़ेंः UP Sugar Stock: चीनी की कालाबाजारी पर योगी सरकार सख्त, 400 टन से ज्यादा स्टॉक मिला तो होगी कार्रवाई
