गोरखपुर: सीएम योगी ने 122 करोड़ की 175 परियोजनाओं का किया ऑनलाइन शिलांयास

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए गोरखपुर में 122 करोड़ रुपए की कुल 175 परियोजनाओं का शिलान्यास किया। यह परियोजनाएं गोरखपुर के सदर, ग्रामीण और सहजनवा विधानसभा क्षेत्र में अच्छी सड़कों, व्यवस्थित नालियों के निर्माण से जुड़ीं हैं। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा कि कला, संस्कृति, आध्यात्म के महत्वपूर्ण …

गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए गोरखपुर में 122 करोड़ रुपए की कुल 175 परियोजनाओं का शिलान्यास किया। यह परियोजनाएं गोरखपुर के सदर, ग्रामीण और सहजनवा विधानसभा क्षेत्र में अच्छी सड़कों, व्यवस्थित नालियों के निर्माण से जुड़ीं हैं।

इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा कि कला, संस्कृति, आध्यात्म के महत्वपूर्ण केंद्र गोरखपुर में विकास की हर आस पूरी होगी। उत्तर प्रदेश सरकार जिस ‘नए गोरखपुर’ को आकार दे रही है, उसमें हर गली विकास की रोशनी होगी। एम्स जैसे अत्याधुनिक सुविधायुक्त चिकित्सा संस्थान के बाद अब इस साल चिड़ियाघर की सौगात मिलेगी जबकि अगले साल की शुरुआत में खाद कारखाने की बहुप्रतीक्षित आस पूरी होगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज से 20-25 साल पहले अराजकता और बदहाली यहां की पहचान बन गई थी लेकिन आज जनसहयोग से जन आकांक्षाओं के अनुरूप ‘नए गोरखपुर’ का निर्माण हो रहा है। खाद कारखाने का पुनर्संचालन यहां के लोगों की बहुप्रतीक्षित आकांक्षा थी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शिलान्यास कर जनाकांक्षाओं को बल दिया था, अब अगले वर्ष इसका शुभारंभ होगा। बायोफ्यूल प्लांट, वॉटर स्पोर्ट पार्क, आयुष विश्वविद्यालय, वेलनेस सेंटर, वेटनरी कॉलेज, पुलिस ट्रेनिंग कॉलेज, महिला पीएसी की एक वाहिनी की स्थापना ‘नए गोरखपुर’ को समृद्ध करेगी।

उन्होंने मण्डलायुक्त को निर्देश दिये कि विकास कार्यों की निगरानी हेतु नोडल अधिकारी नामित करें। इसके साथ ही यह भी सुनिश्चित हो कि सड़कों के साथ जलनिकासी की व्यवस्था अवश्य हो। उन्होंने स्पष्ट कहा कि शासकीय धन का दुरूपयोग न हो अन्यथा दोषी के विरूद्ध सख्त कार्यवाही की जायेगी। एयर कनेक्टिविटी से गोरखपुर जुड़ा है यहां अत्याधुनिक आडिटोरियम, बायोफ्यूल यूनिट, पिपराइच चीनी मिल आदि का कार्य तीव्र गति पर है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि गोरखपुर में आयुष विश्वविद्यालय की स्थापना की जायेगी। जनपद वासियों को बेहतर विद्युत व्यवस्था उपलब्ध कराने निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिये। उन्होंने कहा कि गोरखपुर का विकास हम सबकी प्राथमिकता है। मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि 10 से 16 अक्टूबर तक विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जायेगा।

इस अवसर पर सदर सांसद रविकिशन, महापौर सीता राम जायसवाल, विधायक विपिन सिंह, शीतल पाण्डेय आदि ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में गोरखपुर विकास के पथ पर निरन्तर अग्रसर है इसके लिए हम सब जन प्रतिनिधि एवं जनपदवासी आभारी हैं। विकास सबके द्वार दिख रहा है और गोरखपुर की तस्वीर बदल रही है और शीघ्र ही स्मार्ट सिटी के रूप में गोरखपुर विकसित होगा।

इस मौके पर मण्डलायुक्त जयन्त नार्लिकर ने मुख्यमंत्री सहित सभी का स्वागत करते हुए आश्वस्त किया कि सभी विकास कार्य को गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध ढंग से पूर्ण किया जायेगा।

संबंधित समाचार