प्रतापगढ़ में नशे में धुत महिला का हाई वोल्टेज हंगामा, बेटों के साथ पुलिस बूथ में घुसकर दरोगा से भिड़ी-फाड़ी वर्दी
प्रतापगढ़, अमृत विचार। दो पक्षों के विवाद को सुलझाने के लिए कोतवाली देहात अंतर्गत बने पुलिस बूथ में दरोगा एक सिपाही के साथ मौजूद थे। इस दौरान एक पक्ष से शराब के नशे में धुत महिला अपने दो बेटों के साथ दरोगा और सिपाही से भिड़ गई। इस दौरान दरोगा व सिपाही असहाय हो गए। सूचना पर सिपाहियों के साथ महिला पुलिसकर्मी भी पहुंची। आरोपितों को हिरासत में लिया। मामले में महिला व उसके दोनों बेटों के खिलाफ पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।
कोतवाली देहात अंतर्गत विक्रमपुर के बड़े पुरवा निवासी रवि सरोज का छप्पर गिर गया था। जिसे वह दोबारा बनवा रहा था। आरोप है कि पड़ोस की बेबी सरोज पत्नी मेवालाल उसे रोक रही थी। दोनों पक्षों को चौकी प्रभारी राकेश सिंह भदौरिया ने समझौते के लिए पुलिस बूथ मोहनगंज तिराहा पर बुलाया, साथ में सिपाही धीरज कुमार भी मौजूद रहे। दोनों पक्षों में बातचीत चल रही थी कि बेबी उग्र हो गई वह अपने बेटों सचिन सरोज और आकाश सरोज को भी साथ ले जाने की जिद करने लगी। इस बात से इनकार करने पर बेबी दरोगा राकेश से भिड़ गई। बीच बचाव कर रहे सिपाही से बेबी के दोनों बेटे हांथापाई करने लगे। इस दौरान दरोगा और सिपाही की वर्दी फट गई। हाथापाई के दौरान महिला व उसके बेटे दरोगा व सिपाही को लेकर पुलिस बूथ के बाहर आ गए। वहां मौजूद लोग इसका वीडियो बनाते रहे। उसी में से किसी ने घटना की सूचना कोतवाली देहात पर दे दी। महिला सिपाहियों के साथ पुलिसफोर्स पहुंची, सभी आरोपितों को हिरासत में ले लिए।
आशंका पर पुलिस ने सभी का राजा प्रताप बहादुर अस्पताल में मेडिकल कराया तो शराब के नशे में धुत मिले। चौकी इंचार्ज राकेश सिंह भदौरिया की तहरीर पर पुलिस ने बेबी सरोज,उसके बेटे सचिन सरोज व आकाश सरोज के खिलाफ एससीएसटी एक्ट,मारपीट,सरकारी कार्य में बाधा समेत विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया है। थानाध्यक्ष कोतवाली देहात विनीत उपाध्याय ने बताया कि आरोपित महिला और उसके दोनों बेटों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
ये भी पढ़ें -इलाहाबाद हाईकोर्ट में कैंटीन सील, खराब खाद्य पदार्थ देने पर हुआ एक्शन
