लखनऊ: डायबिटीज पर कंट्रोल है जरूरी, सेक्स लाइफ पर डाल रही असर, पथरी के मामले भी रहे हैं बढ़

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखनऊ, अमृत विचार। डायबिटीज की वजह से कई बीमारियां होती हैं। इसका असर हार्ट, किडनी, लिवर पर तो पड़ता ही है। साथ ही यूरिन संबंधित कई बीमारियों का कारण भी डायबिटीज ही है। डायबिटीज के चलते पुरुषों में सेक्स लाइफ को लेकर अरुचि पैदा हो जाती है। उनके जजनांगों में समस्या शुरू हो जाती है। कई बार कृत्रिम अंग भी लगाने पड़ते हैं। ऐसे में डायबिटीज पर नियंत्रण बहुत जरूरी है। इसके लिए जीवनशैली में सुधार ही एक मात्र रास्ता है। यह जानकारी हैदराबाद के डॉ.मल्लिकार्जुन ने दी है। वह शनिवार को उत्तर प्रदेश यूरोलॉजिकल एसोसिएशन के 11वें वार्षिक सम्मेलन में अमृत विचार संवाददाता से बात कर रहे थे। यह सम्मेलन केजीएमयू स्थित अटल बिहारी बाजपेई साइंटिफिक कंवेंशन सेंटर में चल रहा है। सम्मेलन का आयोजन लखनऊ यूरोलॉजी संगठन,केजीएमयू, लोहिया संस्थान और एसजीपीजीआई के सहयोग से किया गया है।

हैदराबाद के डॉ.मल्लिकार्जुन ने बताया है कि बीते सालों में डायबिटीज के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। जिसकी वजह से लगातार बीमारियां भी बढ़ रही हैं। डायबिटीज की रोकथाम से ही कई तरह की समस्या का समाधान हो जाता है। इस अवसर पर उन्होंने यह भी बताया कि 20 सालों में यूरिन संबंधित बीमारियों में इजाफा हुआ है। जिसमें किडनी कैंसर, प्रोस्टेट कैंसर, पहाड़ी इलाकों में यूरिन ब्लेडर का कैंसर आम होता जा रहा है। हालांकि इस बीच इलाज के तरीकों में इजाफा हुआ है। यही वजह है कि लोगों को गुणवत्तापूर्ण इलाज मिल रहा है।

इस दौरान उन्होंने रोबोटिक सर्जरी का जिक्र भी किया। जिसके माध्यम से प्रोस्टेट ग्रंथि बढ़ने और कैंसर के मामलों में बेहतर इलाज दिया जा रहा है। रोबोटिक सर्जरी काफी कारगर है। इसके जरिये सर्जरी में सफलता की दर भी बढ़ रही है।

जानिये प्रोस्टेट की समस्या का असल कारण

केजीएमयू के प्रो.एचएस पाहवा ने बताया कि प्रोस्टेट में समस्या होना उम्र बढ़ने की बीमारी है। पहले की अपेक्षा अब लोगों लंबी उम्र जीते हैं, जिसके कारण एक समय बाद प्रोस्टेट में दिक्कत होती है, लेकिन आज कल कम उम्र के लोगों में भी प्रोस्टेट ग्रंथि बढ़ने की बीमारी सामने आ रही है। इसके लिए भी जीवनशैली ही जिम्मेदार है। जीवन शैली में सुधार कर इस बीमारी से बचा जा सकता है।

संबंधित समाचार