लखीमपुर खीरी: सड़क हादसों में कानपुर के शैक्षिक महासंघ जिलाध्यक्ष के पुत्र समेत दो की मौत, दो घायल

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

घायलों की हालत गंभीर, जिला अस्पताल में भर्ती

लखीमपुर खीरी, अमृत विचार। जिले में शनिवार की रात थाना नीमगांव की पुलिस चौकी सिकंद्राबाद और पलिया में सड़क दुर्घटनाएं हुई। सिकंद्राबाद में कार की टक्कर से बुलेट सवार राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ कानपुर के जिलाध्यक्ष चंद्रदीप यादव के 23 वर्षीय बेटे की मौत हो गई, जबकि उसका साथी घायल हो गया। उधर पलिया कलां में चीनी मिल रोड पर शनिवार देर शाम अज्ञात वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में बाइक चालक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे लखनऊ के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पहला हादसा थाना नीमगांव क्षेत्र में सिकंद्राबाद पुलिस चौकी के पास गोला-कस्ता मार्ग पर हुआ। कानपुर के आवास विकास-3 कल्याणपुर निवासी राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ के जिलाध्यक्ष चंद्रदीप यादव का पुत्र विश्व प्रताप सिंह यादव (23) सिप्ला कंपनी में फार्मासिस्ट था। वह शनिवार को अपने दोस्त आरिफ के साथ बुलेट से नैनीताल जा रहा था। 

पोस्टमार्टम हाउस पर मौजूद परिवार वालों ने बताया कि दोनों जब गोला गोकर्णनाथ तक पहुंचे तो उन्हें यह एहसास हुआ कि दूरी अधिक है। इसलिए बुलेट से जाना उचित नहीं होगा। इस पर दोनों गोला गोकर्णनाथ से वापस लौट लिए। गोला-कस्ता मार्ग पर सिकंद्राबाद पुलिस चौकी के निकट तेज रफ्तार कार ने बुलेट को ओवरटेक किया। 

इस दौरान कार ने पीछे से बुलेट में टक्कर मार दी, जिससे विश्व प्रताप सिंह यादव और उनका साथी बुलेट समेत सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी तेज हुई कि कार की नंबर प्लेट भी टूटकर सड़क पर गिर गई। हादसे के बाद चालक कार लेकर भाग निकला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने नंबर प्लेट कब्जे में लिया और आनन-फानन में दोनों घायलों को लेकर सीएचसी पहुंची, जहां डॉक्टर ने विश्व प्रताप सिंह यादव को मृत घोषित कर दिया, जबकि उसके साथी को जिला अस्पताल रेफर किया है। हादसे की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। रोते-बिलखते परिवार के लोग भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने शव  पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।

इकलौते पुत्र की मौत से परिवार में मचा कोहराम
राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ कानपुर के जिलाध्यक्ष चंद्रदीप यादव का विश्व प्रताप सिंह इकलौता पुत्र था। इकलौते पुत्र की मौत से परिवार में दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। मृतक के पिता चंद्रदीप यादव ने बताया कि विश्व प्रताप सिंह यादव की जॉब लग गई थी। वह सिप्ला कंपनी में फार्मासिस्ट था। सुबह 6:15 पर सिकंदराबाद पुलिस चौकी चौराहा पर स्विफ्ट डिजायर कार ने पुत्र की बुलेट में पीछे से टक्कर मार दी, जिससे इकलौते पुत्र की मौत हो गई। मौत की खबर सुनकर जिले के कई शिक्षक नेता और शिक्षक भी पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे और परिवार वालों को ढांढस बंधाया।  

अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक चालक की मौत, साथी घायल
शनिवार की रात करीब 10:45 बजे एलआईसी एजेंट महेश चंद्र पांडेय का भतीजा गौरव पांडेय (23) पुत्र उमेश चंद्र पांडेय निवासी मोहल्ला बाजार, अपने 22 वर्षीय दोस्त सोनू पुत्र छत्रपाल माली को उसके घर मिल कॉलोनी पलिया छोड़ने जा रहा था। भारतीय स्टेट बैंक और चीनी मिल गेट नंबर एक के बीच किसी अज्ञात वाहन ने बाइक में तेज टक्कर मार दी। हादसे में गौरव पांडेय की घटना स्थल पर ही मौत हो गई और सोनू गंभीर रूप से घायल हो गया। कुछ देर बाद वहां से निकली यूपी112 पुलिस ने जब दोनों को सड़क पर पड़ा देखा, तो दोनों को सीएचसी पलिया पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने गौरव को मृत घोषित कर दिया। हादसे की सूचना पर रोते-बिलखते परिवार के लोग भी अस्पताल पहुंच गए। पलिया चौकी पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेजा है। वहीं डॉक्टर ने सोनू की हालत गंभीर होने पर उसे लखनऊ रेफर कर दिया, जहां परिवार वालों ने किसी प्राइवेट अस्पताल में उसे भर्ती कराया है।

ये भी पढे़ं- लखीमपुर खीरी: शिक्षक संघ धौरहरा अध्यक्ष पर लोहे के पाइप से जानलेवा हमला, दो गिरफ्तार

संबंधित समाचार