मुरादाबाद : होली पर महंगाई की मार, 15 प्रतिशत बढ़ गए पिचकारी और अबीर-गुलाल के दाम
हरथला, ताड़ीखाना, टाउनहाल में सजी पिचकारी व अबीर गुलाल की दुकानें, ग्राहक खरीदारी में जुटे
मुरादाबाद, अमृत विचार। महानगर के लोगों पर होली की खुमारी चढ़ गई है। लेकिन, महंगाई की मार भारी पड़ रही है। रंग, गुलाल, पिचकारी व अन्य सामग्री के दाम पिछली होली से 15-20 प्रतिशत तक बढ़ गए हैं। इससे होली की तैयारी में जुटे लाेगों को दिक्कत भी हो रही है। मगर त्योहार का रंग फीका न हो जाए इसलिए लोग अपनी जरूरतों को सीमित कर पर्व मनाने को खरीदारी कर रहे हैं।
होली में बड़ों से अधिक बच्चे मस्ती करते हैं। कार्टून कैरेक्टर और विभिन्न प्रकार की डिजाइनर पिचकारियां बाजार में पटी हैं। दुकानों पर हर्बल रंग व अबीर, गुलाल भी बिक रहे हैं। किराना की दुकानों पर चीनी, सूची, बेसन, मावा, तेल, रिफाइंड की खरीदारी तेज हो गई है। लेकिन, महंगाई के चलते लोग हाथ खींचकर त्योहार मनाने के लिए खरीदारी कर रहे हैं।
बात करें बाजार में होली के लिए पिचकारी की तो बाहुबली, मोटू-पतलू, डोरेमॉन, छोटा भीम, गन मशीन, टैंक गन आदि रंग बिरंगी पिचकारियों की खरीदारी हो रही है। हरथला बाजार में भी पिचकारी की खरीदारी हो रही है। हरथला बाजार के कारोबारी सुभाष ने बताया कि स्पाइडर मैन और वीडियो गेम्स की बंदूक की शक्ल की पिचकारी बच्चे अधिक पसंद कर रहे हैं। युवाओं को रंगीन गुब्बारे भी खूब भा रहे हैं। बल्कि, इस दौरान उनके अभिभावक भी बच्चों की पसंद, ना-पसंद का भरपूर ख्याल रख रहे हैं।
टाउन हाल बाजार के दुकानदार प्रमोद ने बताया कि इस बार डरावनी एवं अन्य प्रकार के मुखौटे की डिमांड भी खूब हो रही है। दाम पूछने पर दुकानदारों ने बताया कि पिचकारी के दामों में पिछले वर्ष की तुलना में इस बार तकरीबन 15 प्रतिशत की तेजी आई है। इससे ग्राहक भी चौंक रहे हैं। लेकिन, हमें अधिक दाम पर मिली हैं तो उसी अनुरूप बेचना मजबूरी भी है। यही स्थिति ताड़ीखाना की दुकानों पर भी पिचकारी की कीमतों की रही। वहीं किराना बाजार में रिफाइंड 160 रुपये प्रति लीटर, सरसों का तेल 150 रुपये प्रति लीटर बिक रहा है। ड्राईफ्रूट की कीमतों में भी तेजी बाजार में दिख रही है।
सब्जियों की कीमतों में भी उछाल
होली व रमजान को देखते हुए इन दिनों बाजार में अन्य सामग्री के अलावा दैनिक उपयोग की सब्जियां भी महंगी हो गई हैं। हरथला के साप्ताहिक बाजार में रविवार को चिप्सोना आलू 20 रुपये किलो बिका तो प्याज 30 रुपये प्रति किलो बिकी। कई ग्राहक आलू-प्याज की बढ़ती कीमतों पर हैरत जताने लगे। वहीं बात करें हरी सब्जी को तो लौकी 40 रुपये प्रति किलो, तोरई 80 रुपये, टमाटर 30-40 रुपये प्रति किलो और हरी मटर 50-60 रुपये प्रति किलो और लहसुन 240 रुपये प्रति किलो के भाव से बिका।
ये भी पढ़ें : सीमा हैदर के बाद अब सुर्खियों में आई फायजा, मुरादाबाद के दिवाकर से शादी रचाने के लिए ईरान छोड़कर आई हिंदुस्तान
