Unnao: वर्षों से पालिका परिसर में डंप लाखों का कबाड़; नहीं हो सकी नीलामी, जिम्मेदारों ने कहा ये...

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

उन्नाव, अमृत विचार। नगर पालिका गंगाघाट परिसर में पिछले कई सालों से संसाधन खड़े हुये हैं। जो पूरी तरह से कबाड़ में तब्दील हो गये हैं। पालिका ने कई बार उसे नीलाम कराने का प्रयास कराया, लेकिन लाखों कीमत के कबाड़ की नीलामी प्रक्रिया नहीं हो सकी है। वहीं पूर्व सभासद की मानें तो पालिका में रखा कबाड़ धीरे-धीरे गायब हो रहा है। जिससे राजस्व का भी नुकसान हो रहा है। अब पालिका ने जिला मुख्यालय को कबाड़ के मूल्यांकन के लिये पत्र भेजा है।

बता दें नगर पालिका गंगाघाट ने सफाई, प्रकाश, जलापूर्ति के लिए संसाधनों की खरीद प्रतिवर्ष की जाती है। जो समय के साथ टूट फूट कर खराब होकर कबाड़ में तब्दील हो जाती है। पालिका परिसर में भारी मात्रा में जमा कबाड़ को नीलाम कर राजस्व बढ़ाने के लिये पालिका ने कई बार खुली बोली का आयोजन किया लेकिन हर बार नीलामी हंगामे की भेंट चढ़ जाने के कारण नीलामी नहीं हो सकी। 

करीब 1988 से अब तक जमा किये गये लाखों कीमत के कबाड़ में एंबेसडर कार, कूड़ा गाड़ी, पानी टैंकर समेत अन्य सामान शामिल हैं। पूर्व सभासद राजेन्द्र गुप्ता उर्फ राजू मसवासी ने बताया कि पूर्व पालिकाध्यक्ष उमा गुप्ता के समय में टैंकर, लोडर नया खरीदकर आया था, उसे कबाड़ में खड़ा कर दिया गया। वह भी गायब हो गया। उनके अनुसार अब तक पचास फीसदी कबाड़ चोरी हो चुका है।

बोले जिम्मेदार

सालों से पालिका में कबाड़ डंप है। जिला उद्योग केन्द्र उन्नाव को कबाड़ के मूल्यांकन के लिये पत्र भेजा गया है। एडीएम, एसडीएम पालिका के लिपिक सभासदों की कमेटी बनाकर नीलामी करायी जायेगी। -कौमुदी पांडे, पालिकाध्यक्ष गंगाघाट

तीन बार रदद् हो चुकी है नीलामी

पालिका के पूर्व सभासद की मानें तो पालिका के कबाड़ की नीलामी प्रक्रिया पूर्व में तीन बार करायी जा चुकी है लेकिन सभासदों ने मिलकर डंप किये स्क्रैप का ब्योरा मांगा था, जिसे न देने की स्थित में बोली रद्द की गयी थी।

पालिका से गायब हो गया लाखों का कबाड़

वर्ष 2000 में नये कार्यालय के निर्माण के दौरान वहां पर बने पंप हाउस का सामान, बिजली का सामान ठेकेदार द्वारा गिनती कर अपनी सुपुर्दगी में लिया गया था। वह वर्तमान समय में पालिका में नहीं है। इसके साथ ही अन्य कबाड़ भी पालिका से गायब है। इन्हीं सब कारणों के चलते पालिका में डंप कबाड़ की नीलामी नहीं हो पा रही है।

यह भी पढ़ें- Kanpur: गाड़ी चढ़ाने पर पिता-पुत्र समेत सात पर रिपोर्ट; महिला मित्र ने बताया प्रापर्टी विवाद, पुलिस बोली ये

 

संबंधित समाचार