Pilibhit: 'खेत में गढ़े हैं सोने के बिस्किट', ठगी का शिकार हुआ ग्रामीण...ठग लिए 2.72 लाख रुपये
पीलीभीत, अमृत विचार: खेत में सोने के बिस्किट गढ़े होने का लालच देकर एक जालसाज ने सफाई कर्मचारी की मदद से ग्रामीण से 2.72 लाख रुपये ठग लिए। जब रुपये वापस मांगे गए तो झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देने लगा। एसपी के आदेश पर न्यूरिया पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज की है।
न्यूरिया थाने में दी गई तहरीर में ग्राम औरिया मजरा जनकपुरी निवासी प्रेमप्रसाद ने बताया कि ग्राम रुरारामनगर के सफाई कर्मचारी डालचंद से उनकी पुरानी मुलाकात है। बीते दिनों डालचंद ने आकर बताया कि उसके घर पर एक गुरुजी आए हुए हैं। वह लोगों की समस्याओं का समाधान कर देते हैं। पीड़ित कोई जवाब दे पाता इससे पहले ही गुरुजी को लेकर पीड़ित के घर आ गया।
गुरुजी ने कहा कि पीड़ित के खेत में सोने के बिस्किट गढ़े हुए हैं। कहा कि इसे पाने के लिए कुछ पूजा अर्चना करानी होगी। काले हिरन का कस्तूरी दाना तीन तोला इसके लिए लाना होगा। अगर वह न मिले तो मार की भेंट देनी होगी। पीड़ित भी लालच में आ गया। जिसके बाद मोर की भेंट देने से तो मना कर दिया लेकिन 2.72 लाख रुपये दे दिए। आरोपियों ने ये भी विश्वास दिलाया कि अगर काम न हुआ तो दोगुना रुपये वापस करेंगे।
मगर रुपये देने के बाद दोनों ही गायब हो गए न ही खेत से कोई खजाना निकला। जब काफी पड़ताल की गई तो पता चला कि जिसे गुरुजी बनाकर पेश किया गया था वह तो शातिर जालसाज है। उसका नाम बरेली जनपद के भोजीपुरा थाना क्षेत्र के ग्राम अंबरपुर प्रहलाद निवासी सामीर खां है। अब रुपये वापस मांगने पर झूठे मुकदमे में फंसाने और मारने की धमकी दे रहे हैं। पीड़ित ने एसपी से शिकायत कर गुहार लगाई। जिसके बाद दोनों आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी, अमानत में खयानत, धमकाने और 120-बी के तहत एफआईआर दर्ज की गई है। एसओ न्यूरिया प्रदीप बिश्नोई ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच कराई जा रही है।
नाम बदलकर ठगी करता है जालसाज
पीड़ित ने दर्ज कराई रिपोर्ट में ये भी बताया कि गुरुजी बनकर लोगों को ठगने वाला जालसाज सामीर खां नाम बदल-बदलकर ठगी करता है। जानकारी करने पर ये भी पता चला है कि उसके खिलाफ बरेली के मीरगंज, सीबीगंज आदि थानों में भी मुकदमे दर्ज हैं। वह पीड़ित पर शिकायत वापस करने का दबाव बना रहा है। एक व्यक्ति से पीड़ित के खिलाफ झूठी शिकायत भी करा दी है।
यह भी पढ़ें- पीलीभीत: सुलह को बुलाई पंचायत तो गुस्साए पति ने दिया तीन तलाक, 7 लोगों पर FIR
