मथुरा में खेली गई लठामार होली, पुलिस ने सुरक्षा के किए पुख्ता इंतजाम

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मथुरा। लड्डू होली के दौरान बरसाना के लाड़ली मन्दिर के प्रवेश मार्ग पर रविवार को रैलिंग टूटने की घटना से सबक लेते हुए जिला प्रशासन ने सोमवार को लठामार होली के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किये और लाखों लोगों ने इस होली का आनन्द लिया। जिलाधिकारी शैलेन्द्र सिंह ने बताया कि बैरियर बढ़ाने तथा तीर्थयात्रियों को छोटे समूह मे जाने की इजाजत देने के कारण कोई अप्रिय घटना नही घटी। 

WhatsApp Image 2024-03-18 at 9.28.37 PM

एक अनुमान के अनुसार आज मेले में आनेवाले तीर्थयात्रियों तथा अन्य की संख्या रविवार से लगभग दूनी थी। लठामार होली के कारण आज बरसाने में एक प्रकार से मेला लगा हुआ था। चारो ओर सिर ही सिर दिखाई पड़ रहे थे। बरसाने की होली में नन्दगावं के हुरिहार बरसाने की गोपियों के साथ होली खेलते हैं ।इसी क्रम में नन्दगांव के हुरिहार आज देापहर बाद पीली पोखर बरसाने में जब पहुंचे तो बरसाने के लोगों ने उनका स्वागत ठंठाई भांग आदि से किया। 

WhatsApp Image 2024-03-18 at 9.28.35 PM

यहां पर हुरिहार अपनी पगड़ी , ढाल आदि ठीक करने के बाद समूह के रूप में श्रीजी मन्दिर पहुंचे तथा वहां हो रही समाज गायन में भाग लिया । समाज गायन के बाद हुरिहार जैसे ही होली खेलने के लिए मन्दिर के बाहर रंगीली गली के लिए मुड़े उन पर रंगों की वर्षा होने लगी। रंगीली गली पहुंचने पर हुरिहारों ने नया लहंगा और फरिया पहने गोपियों पर व्यंग एवं उनसे हंसी ठिठोली करना शुरू किया तथा गोपियों के नये कपड़ों पर गुलाल एवं रंग डालना शुरू किया। 

गोपियों ने पहले तो उन्हें ऐसा करने से राेका और न मानने पर उन्होंने उन पर लाठियों से प्रहार करना शुरू कर दिया जिसे हुरिहार चमड़े की बनी ढ़ालों पर रोक रहे थे। कभी कभी नयी नवेली दो या तीन गोपियां उचक उचक की एक ही हुरिहार की पिटाई करतीं और हुरिहार फुदक फुदक कर उसे रोक रहा था। इसी दौरान रसिया गायन शुरू हो गया फाग खेलने बरसाने आए हैं नटवर नन्द किशोर रसिया गायन के बाद तो हुरिहारों की मश्ती देखते ही बनती थी। होली की चरम परिणति में रसिया ’’

आज बिरज में होरी रे रसिया ’’ का जब गायन शुरू हुआ तो दर्शकों के पैर अपनी सीटों पर थिरक उठे।लगभग डेढ घंटे चली इस होली के बाद नन्द के लाला की जय एवं राधारानी की जै से होली का समापन हुआ। प्रशासन की सख्ती के कारण इस बार युवतियों एवं लड़कियों के साथ बाहर से आनेवाले लोग उनकी आंखों में न तो गुलाल झाेंक सके और ना ही उनके साथ अभद्रता ही कर सके। 

रविवार को लड्डू होली के दौरान लाड़ली मन्दिर के प्रवेश द्वार की रेलिंग टूटने से छतरपुर जिले के 34 वर्षीय नीरज गुप्ता, बुलन्दशहर की 35 वर्षीय प्रीति शर्मा एवं 22 वर्षीय अवनी घायल एवं चुटैल हो गए थे। सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में इलाज के बाद एक घंटा उनकी हालत देखकर उनके अनुरोध पर उन्हें घर भेज दिया गया था। 

सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र बरसाना के चिकित्सक डा0 मनोज वशिष्ठ ने बताया कि आज उनके अस्पताल में लठामार होली के पहले या बाद में कोई व्यक्ति चिकित्सा के लिए नही आया। उधर मन्दिर की प्रबंध समिति के सदस्य सुशील गोस्वामी ने बताया कि आज मन्दिर में किसी प्रकार की अप्रिय घटना नही घटी।

यह भी पढ़ें- मथुरा: बरसाना के राधा रानी मंदिर में हादसा, 20 से अधिक श्रद्धालु घायल

संबंधित समाचार