Farrukhabad: किराने की दुकान में लगी आग; लाखों रुपये का सामान जलकर हुआ खाक, दुकानदार ने लगाया ये आरोप
फर्रुखाबाद, अमृत विचार। फतेहगढ़ कोतवाली क्षेत्र में सोमवार की रात किराने की दुकान में आग लग गई। आग से होली के लिए इकट्ठा किया घी, तेल व अन्य सामान जलकर राख हो गया। मोहल्ले वालों ने भारी मेहनत के बाद आग पर काबू पाया। दुकान मालिक ने आरोप लगाया कि फायर बिग्रेड सूचना देने के डेढ़ घण्टे बाद पहुंची।
कोतवाली क्षेत्र में जय नरायन वर्मा रोड निवासी विवेक मिश्रा की अपने घर के नीचे किराने की दुकान है। दुकान मालिक विवेक मिश्रा के अनुसार सुबह चार बजे किसी ने दरवाजा खटखटाया और कहा कि आपकी दुकान में आग लग गयी है। विवेक मिश्रा ने बाहर निकलकर देखा तो उनकी दुकान में रखा सामान धू-धूकर जल रहा था।
उनका कहना है कि होली का त्योहार देखते हुए 16 लाख रुपये से खरीद कर डालडा, घी, तेल जमा किया था। आग की सूचना पर पड़ोस में रह रहे भोजपुर विधायक नागेंद्र सिंह राठौर मौके पर पहुँचे। विवेक ने बताया कि आग किस वजह से लगी इसकी जानकारी नहीं हो सकी है। दुकान में तेल का स्टॉक प्रचुर मात्रा में होने की वजह से आग ने विकराल रूप धारण कर लिया।
