Auraiya: शिक्षक की हत्या के विरोध में मूल्यांकन का बहिष्कार; शिक्षकों ने एक करोड़ मुआवजा देने की रखी मांग -जानें मामला
प्रधानाचार्य परिषद के जिलाध्यक्ष बोले- मामले में कार्रवाई न होने तक बंद रखेंगे मूल्यांकन
औरैया, अमृत विचार। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ ने मंगलवार को प्रदर्शन कर मूल्यांकन का बहिष्कार कर दिया। शिक्षकों ने कहा कि मृतक के परिवार को एक करोड़ का मुआवजा और परिवार में दो लोगों को नौकरी दी जाए। विरोध में पूरे जिले में मूल्यांकन का बहिष्कार किया गया।
वाराणसी से यूपी बोर्ड की उत्तर पुस्तिका को लेकर आए एसडी इंटर कॉलेज के शिक्षक धर्मेंद्र कुमार को आरक्षी सिपाही ने मामूली सी कहासुनी पर गोली मारकर हत्या कर दी। घटना से पूरे प्रदेश में सनसनी फैल गई। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ जनपद औरैया के जिलाध्यक्ष ने मूल्यांकन केंद्र पर जाकर कड़ी निन्दा की और इस जघन्य हत्याकांड में सम्मिलित पुलिसकर्मी पर कठोरतम कार्रवाई की मांग की।
प्रदेशीय संरक्षक प्रेम नारायण दुबे ने आरोपित पुलिसकर्मियों पर यदि कार्यवाही नही हुई तो गंभीर परिणाम की चेतावनी दी है। जिले के तीनों मूल्यांकन केंद्र पर मंगलवार को शिक्षकों ने मूल्यांकन का बहिष्कार कर दिया। प्रधानाचार्य परिषद के जिलाध्यक्ष कृष्ण मोहन उपाध्याय ने कार्रवाई न होने तक जिले में मूल्यांकन बंद रखने की बात कही।
बिधूना के पब्लिक इंटर कॉलेज में शिक्षकों ने हंगामी बैठक की और शिक्षक के परिवार को एक करोड़ मुआवजा और परिवार के दो लोगों को नौकरी दिए जाने की मांग की। दिबियापुर के वैदिक इंटर कॉलेज और औरैया के नगर पालिका इंटर कॉलेज में भी मूल्यांकन का शिक्षकों ने बहिष्कार किया है।
