बाराबंकी: घुटने जमीन पर और एक आंख भी गायब, गमछा के सहारे पेड़ से लटकता मिला युवक का शव, परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

सतरिख/बाराबंकी, अमृत विचार। बाराबंकी जिले में आज सुबह एक युवक का शव जंगल में मिलने से हड़कंप मच गया। युवक के परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि मृतक का शव गमछे के हारे पेड़ से लटक रहा था। जबकि उसके घुटने जमीन से छू रहे थे। परिजनों का आरोप है कि मृतक की एक आंख भी निकली हुई थी। उनका कहना है कि हत्या को आत्महत्या का रूप देने के लिये शव को पेड़ से लटकाया गया है। वहीं पुलिस ने परिजनों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की बात कह रही है।

पूरा मामला सतरिख थाना क्षेत्र के लक्ष्मनपुर गांव का है। जहां के निवासी 22 वर्षीय अरविन्द चौहान पुत्र स्व. राम सुमिरन चौहान अपना ट्रैक्टर चलाने का काम करता था। सोमवार की शाम गांव के एक किसान का खेत जोतकर आने के बाद वह घर से लापता हो गया था। परिवार के लोगों के द्वारा काफी खोज बीन की गई, लेकिन युवक का कुछ पता नहीं चल सका। मंगलवार की सुबह कुछ ग्रामीणों ने गांव में ही बने कंपोजिट विद्यालय के पीछे एक जंगल में पेड़ से गमछा के सहारे शव लटकता देखा। गांव वालों की जानकारी पर मृतक के परिजन मौके पर पहुंचे।

परिजनों का आरोप है कि शव के घुटने जमीन से छू रहे थे और उसकी दाहिनी आंख भी गायब है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिजनों ने युवक की हत्या का आरोप लगाया है। सूचना मिलते ही एएसपी अखिलेश नारायण सिंह, सीओ सदर सुमित त्रिपाठी और सतरिख प्रभारी निरीक्षक अमर कुमार चौरसिया पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और जांच पड़ताल शुरू की। घटना के खुलासे के लिए मौके पर डॉग स्क्वॉड को भी लगाया गया है। वहीं मौके पर ग्रामीणों की भीड़ को देखते हुए जैदपुर पुलिस को भी मौके पर बुलाना पड़ा।

मृतक के भाई सत्येंद्र चौहान का कहना है कि अरविंद की हत्या की गई है और घटना को छिपाने के लिए शव को पेड़ से लटकाया गया है। वहीं प्रभारी निरीक्षक अमर कुमार चौरसिया ने बताया कि मृतक के भाई की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिये भेजा गया है। पोस्टमार्टन रिपोर्ट के आधार पर इश घटना का खुलासा किया जाएगा।

यह भी पढ़ें:-प्रयागराज: बेटी ने फंदा लगाकर दी जान, तो भड़के मृतका परिजनों ने ससुराल पक्ष के लोगों को घर में बंद कर लगाई, दो जिंदा जले

संबंधित समाचार