Banda: सब इंस्पेक्टर बेटे ने मां को पीकैप पहनाकर मारा सैल्यूट; बेटे को वर्दी में देख छलक पड़े माता-पिता के आंसू
बांदा, अमृत विचार। हर माता-पिता का सपना होता है उनकी औलाद बड़ा आदमी बने और उनका नाम रोशन करे। अगर माता-पिता कम पढ़े-लिखे हों तो औलाद की कामयाबी के मायने और भी बड़े हो जाते हैं। ऐसा ही हुआ है कमासिन में। बेटा जब पुलिस सब इंस्पेक्टर बनने के बाद वर्दी पहनकर घर पहुंचा तो उसने मां को पीकैप पहनाकर सैल्यूट मारा। पुत्र को वर्दी में देखकर माता-पिता की आंखों से आंसू की धार बह निकली।
कमासिन कस्बा निवासी योगेंद्र सिंह पुत्र रामकिशोर यादव सोमवार को उप निरीक्षक का प्रशिक्षण पूरा करने बाद घर लौटे तो पड़ोसियों व अन्य ग्रामीणों ने बैंडबाजे के साथ उनका स्वागत किया। उसे फूल मालाओं से लाद दिया। मां शिवदुलारी ने बेटे के माथे पर तिलक लगाया तो बेटे ने पीकैप उतारकर मां को पहनाते हुए सैल्यूट मारा। पिता के पैर छूकर आशीर्वाद लिया।
कहा कि इसके असली हकदार आप लोग ही हो। मां के मुताबिक योगेंद्र ने यूपी पुलिस में उप निरीक्षक बनने की ठानी और बिना कोचिंग व संसाधनों के उसने घर पर ही दिनरात मेहनत की। 2021 की भर्ती में उसका चयन हो गया। 12 मार्च 2023 को वह टे्रनिंग पर सुल्तानपुर चला गया।
प्रशिक्षण पूरा कर जब वह घर लौटा तो ग्रामीणों ने उसका बैंडबाजे के साथ स्वागत किया। फूल मालाओं से लाद दिया। योगेंद्र ने कहा कि इस सम्मान के असली हकदार मेरे माता-पिता हैं। उन्होंने ही मुझे आगे बढ़ने को प्रेरित किया। माता-पिता के आशीर्वाद की बदौलत दिनरात मेहनत कर इस सफलता को प्राप्त किया।
