लखीमपुर खीरी: थ्रेशर मशीन पलटने से नीचे दबकर किशोर की मौत, मचा कोहराम
थ्रेसर पर बैठा था किशोर, चकमार्ग से खेत में ट्रैक्टर-उतारते समय हुआ हादसा
निघासन (लखीमपुर खीरी), अमृत विचार। थाना पढुआ क्षेत्र में सरसों की फसल की गहाई करने जा रही ट्रैक्टर में जुड़ी थ्रेशर अचानक पलट गई, जिससे उस पर सवार 13 वर्षीय किशोर थ्रेशर के नीचे दब गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक मशीन मौके पर छोड़कर ट्रैक्टर समेत भाग निकला। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
दरअसल, हादसा गांव दुलही के पास हुआ। गांव दुलही निवासी रमेश लोधी का ट्रैक्टर खेत में सरसों की फसल निकालने के लिए थ्रेशर जोड़कर जा रहा था। तभी रास्ते में गांव का ही सोनू कश्यप (13) पुत्र सुरेश कश्यप थ्रेसर मशीन पर बैठ गया। चालक ट्रैक्टर को चकमार्ग से नीचे खेत में उतार रहा था। इसी बीच थ्रेशर मशीन अचानक पलट गई, जिसके नीचे सोनू दब गया। हादसे के बाद चालक ने थ्रेशर मौके पर छोड़ दी और ट्रैक्टर लेकर भाग निकला।
इसी बीच तमाम लोग मौके पर पहुंच गए। ग्रामीण थ्रेशर के नीचे दबे सोनू कश्यप को बाहर निकाल पाते। इससे पहले ही उसने दम तोड़ दिया। किशोर की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। रोते-बिलखते परिवार के लोग भी मौके पर पहुंच गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। मृतक के परिवार के लोगों ने बताया कि सोनू गांव के ही एक किसान के खेत पर मजदूरी से गन्ने की बुआई करने गया था। वापस घर जाते समय वह हादसे का शिकार हो गया। उसके पिता व बड़े भाई देहरादून में मजदूरी करने गए हैं।
ये भी पढे़ं- लखीमपुर खीरी: अलग-अलग सड़क हादसे में छात्र समेत दो की मौत, एक घायल
