गोंडा: स्कूल में लगा प्रोजेक्टर, ऑडियो विजुअल माध्यम से पढ़ाई करेंगे सरकारी स्कूल के बच्चे
स्मार्ट हुआ प्राथमिक विद्यालय महेशपुर, बीएसए ने किया उद्घाटन
गोंडा, अमृत विचार। नवाबगंज शिक्षा क्षेत्र का प्राथमिक विद्यालय महेशपुर मंगलवार को स्मार्ट स्कूल बन गया। बीएसए प्रेमचंद यादव ने फीता काटकर स्मार्ट क्लास का उद्घाटन किया। नवाबगंज के प्राथमिक विद्यालय महेशपुर की गिनती जिले के बेहतरीन स्कूलों में होती है। यहां का परिवेश दूसरे स्कूलों के लिए उदाहरण हैं।
स्कूल की शिक्षिका वंदना पटेल ने बताया कि काफी समय से स्कूल में स्मार्ट क्लास के संचालन की योजना बनाई जा रही थी। अभिभावकों की बैठक में भी इस पर चर्चा हुई थी। इसकी जानकारी होने पर क्षेत्र के समाजसेवी मनीष यादव आगे आए और उन्होंने स्कूल को प्रोजेक्टर भेंट कर इस मुश्किल को आसान कर दिया। सिस्टम इंस्टॉल होने के बाद मंगलवार को जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी प्रेमचंद यादव ने फीता काटकर इस स्मार्ट क्लास का उद्घाटन किया।
बीएसए ने कहा अब महेशपुर स्कूल भी स्मार्ट हो गया है। स्मार्ट क्लास के संचालन के बाद स्कूल में पंजीकृत 178 बच्चों को इसका लाभ मिल सकेगा। अब वह भी प्रोजेक्टर पर आडियो विजुअल के माध्यम से पढाई कर सकेंगे। इससे न सिर्फ उनकी रोचकता बढेगी बल्कि पाठ्यक्रम को भी वह आसानी से समझ सकेंगे। बीएसए ने स्कूल की शिक्षिका वंदना पटेल व समाजसेवी मनीष यादव को इसके लिए बधाई भी दी और कहा कि समुदाय के सहयोग से सरकारी स्कूलों को और भी बेहतर बनाया जा सकता है। इस दौरान स्कूल की प्रधानाध्यापक वंदना पटेल, सहायक अध्यापक माधवी सिंह, कल्पना तिवारी, अनिल कुमार प्रजापति, वर्षा त्रिपाठी, रिंकू यादव, पूनम यादव समेत विद्यालय के छात्र छात्राएं उपस्थित रहे।
