"रोड नहीं तो वोट नहीं", प्रयागराज में लगे बैनर-जानिए क्यों जनता कर रही चुनाव का बहिष्कार
प्रयागराज, अमृत विचार। लोकसभा चुनाव का आगाज़ हो चुका है। 19 अप्रैल को पहले चरण का मतदान होना है। ऐसे में आचार संहिता लागू होने के बाद प्रयागराज के पॉश इलाके से अनोखी तस्वीर सामने आई है। जहां शहर के झलवा स्थित इरवो कॉलोनी के लोगों ने "रोड नहीं तो वोट नहीं" का एक बैनर लगा कर आगामी चुनाव का खुलकर बहिष्कार किया है।
इरवो कॉलोनी में रहने वाले लोग काफी समय से टूटी और खराब सड़कों से परेशान हैं। यहाँ के निवासियों ने मंगलवार को कालोनी के गेट के बाहर प्रदर्शन कर नारे बाजी की। कालोनी के लोगों ने जमकर विरोध करते हुए लोकसभा चुनाव का बहिष्कार करने की बात दोहराई। प्रदर्शन में महिलाये, पुरुष और छोटे-छोटे बच्चे भी शामिल रहे। प्रदर्शन कर रहे लोगों का कहना है कि बीते 16 सालों से कॉलोनी की सड़क नहीं बनी है। अधिकारी और नेताओं से सिर्फ आश्वासन ही मिलता रहा है। पीडीए से जमीन लेकर सभी लोगों ने अपना आशियाना बनाया है। साथ ही साथ डेढ़ करोड़ से अधिक का टैक्स भी इस कॉलोनी के लोगों के द्वारा दिया जाता है।
महिलाओं का कहना है कि आए दिन दुर्घटना होती रहती है । मोहल्ले के बच्चों को हमेशा ही सड़क की वजह से चोट लगती रहती है। कई बार आश्वासन मिलने के बाद भी जब रोड नहीं बनी तब इस बार के स्थानीय लोगों ने फैसला लिया है कि अगर 24 मई तक रोड नहीं बनी तो कोई भी व्यक्ति इस बार वोट डालने नही जाएगा। यहां के विधायक सिद्धार्थ नाथ सिंह को स्थानीय लोगो ने कई बार इस विषय के बारे में जानकारी दी। फिर भी कोई हल नहीं निकला। सोसाइटी के अध्यक्ष एके तिवारी का कहना है कि पूरे कालोनी की जमीन पीडीए से ली गयी है। वाटर टैक्स , सीवर टैक्स सब कॉलोनी के लोग देते आ रहे है। बरसात के मौसम में स्थिति भयावह हो जाती है।
ये भी पढ़ें -सुलतानपुर: मूल्यांकन बहिष्कार कर साथी को दी श्रद्धांजलि, निकाला कैंडल मार्च
