मुरादाबाद : कड़ी सुरक्षा के बीच लोकसभा चुनाव के लिए नामांकन शुरू, पहले दिन बिके 13 पर्चे

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

एक भी नामांकन पत्र दाखिल नहीं, कलेक्ट्रेट गेट पर बैरिकेडिंग कर रोकी वाहनों की आवाजाही, चेकिंग के बाद मिला लोगों को मिला प्रवेश

मुरादाबाद, अमृत विचार। लोकसभा चुनाव में मुरादाबाद सीट से नामांकन पत्र दाखिल करने की प्रक्रिया बुधवार दिन में 11 बजे से कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शुरू हो गई। पहले दिन हालांकि एक भी नामांकन नहीं हुआ। लेकिन 13 नामांकन पत्र बिके। नामांकन प्रक्रिया 27 मार्च तक चलेगी। कलेक्ट्रेट परिसर में जिलाधिकारी न्यायालय कक्ष में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच दिन में 11 बजे से नामांकन प्रक्रिया शुरू हुई।

जिला निर्वाचन अधिकारी मानवेंद्र सिंह ने अधिकारियों के साथ नामांकन कार्य के लिए की गई सुरक्षा व्यवस्था व आने जाने वाले रास्तों को देखा। सीसीटीवी कैमरे की निगरानी में जिला मजिस्ट्रेट के न्यायालय कक्ष में नामांकन पत्र दाखिले की प्रक्रिया तीन बजे तक चली। हालांकि पहले दिन एक भी नामांकन दाखिल नहीं किया गया। जबकि 13 लोगों ने नामांकन पत्र खरीदा। जिसमें शिवनगर के संदीप त्रिवेदी ने वैदिक समाजवादी पार्टी के नाम पर पर्चा खरीदा।

इसके अलावा ओंकार सिंह, कांग्रेस के गंगाराम शर्मा, मोहित पांडेय, अपना दल पार्टी के अशोक कुमार सिंह, हरिकिशोर सिंह, निर्दलीय के रूप में इरशाद सैफी एडवोकेट जिगर कॉलोनी, सलादद्दीन ने पर्चा लिया। इसके साथ ही पश्चिमांचल निर्माण पार्टी की ओर से तंजीम, प्रदीप कुमार, बसपा के नाम पर मुमताज आलम और निर्दलीय शीशपाल सिंह ने नामांकन पत्र पहले दिन खरीदा।

अपर जिलाधिकारी व उप जिला निर्वाचन अधिकारी गुलाब चंद ने बताया कि नामांकन पत्र निशुल्क है। कलेक्ट्रेट परिसर में हर ओर बैरिकेडिंग की गई है। सीसीटीवी कैमरे की निगरानी में नामांकन पत्र दाखिल करने की प्रक्रिया जिला मजिस्ट्रेट के न्यायालय कक्ष में चल रही है। पहले चरण में 19 अप्रैल को मुरादाबाद सीट पर मतदान होगा। लोकसभा चुनाव में नामांकन पत्र दाखिल करने वाले सामान्य जाति के प्रत्याशियों के लिए जमानत धनराशि 25,000 रुपये है। जबकि आरक्षित वर्ग के प्रत्याशियों के लिए जमानत की धनराशि 12,500 रुपये चुनाव आयोग द्वारा निर्धारित है। अपर जिलाधिकारी प्रशासन व उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि केंद्रीय निर्वाचन आयोग की गाइडलाइंस का पालन सभी को करना है। सुरक्षा प्रबंध के बीच नामांकन प्रक्रिया कराई जा रही है। आदर्श आचार संहिता का सख्ती से पालन कराया जाएगा।

 

ये भी पढ़ें : मुरादाबाद में भाजपा-सपा ने नहीं किया प्रत्याशियों का ऐलान, नामंकन आज से शुरू...डीएम ने लिया जायजा

संबंधित समाचार