बाराबंकी: आचार संहिता का सख्ती से कराया जा रहा पालन, नेताओं और जनप्रतिनिधियों की गाड़ियों से उतरवाए गए झंडे

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बाराबंकी, अमृत विचार। चुनाव आचार संहिता लागू होते ही प्रशासन उसके पालन को लेकर हरकत में है। विगत तीन दिनों से रोड व अन्य सार्वजनिक स्थानों पर लगे बैनर, पोस्टर, होर्डिंग्स आदि को हटाया जा रहा है। इसके अलावा बुधवार को पूरे क्षेत्र में चार व दो पहिया वाहनों पर लगाये गये पार्टी झंडों को भी उतरवाया गया। चुनाव को लेकर जारी आचार संहिता के बाद से प्रशासनिक महकमा पूरी तरह से मुस्तैद है।

चुनाव तिथियों की घोषणा होने के साथ ही अब जिले में आदर्श आचार संहिता प्रभावी हो गई है। आचार संहिता का पालन कराने के लिए पुलिस और जिला प्रशासन भी पूरी तरह से गंभीर है। इस दौरान शहरभर में राजनैतिक दलों के द्वारा लगाए गए विभिन्न प्रकार के बैनर, पोस्टरों के साथ झंडों को उतरवाया गया। आचार संहिता का पालन कराने को लेकर पूरे जिले की सीमाओं मे बैरीकेटिंग कर पुलिस सघन तलाशी अभियान भी लगातार चला रही है। गाड़ियों में लगे राजनीतिक दलो के झंडे व ब्लैक फिल्म भी उतरवाई जा रही हैं।

बुधवार को एसडीएम विजय त्रिवेदी, सीओ सिटी जगतराम कनौजिया के नेतृत्व में शहर के महत्वपूर्ण स्थानों पर सघन तलाशी अभियान चलाया गया। पटेल तिराहे पर चेकिंग के दौरान जनप्रतिनिधियों व पार्टी पदाधिकारियों की गाड़ियों मे लगे झंडे को उतरवाया गया। वहीं चेकिंग के दौरान दो मॉडिफाइड साइलेंसर, दो गाड़ी की ब्लैक फिल्म व एक का हूटर के साथ ग्यारह अलग अलग पार्टी के झंडे भी उतरवाए गए। 

एसडीएम सदर ने बताया कि क्षेत्र के सभी चौराहों पर चुनाव आचार संहिता के मद्देनजर वाहनों पर लगाए गए झंडों व स्टीकरों को निकलवाया जा रहा है। साथ ही लोगों को आचार संहिता का पालन करने की हिदायत दी जा रही है। आचार संहिता का उलंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कारवाई की जाएगी। वहीं यातायात प्रभारी रामयतन ने भी दर्जनों वाहनों के झंडे व काली फिल्म हटवाई व चालान कर लोगो को आगे से ऐसा न करने की हिदायत भी दी।

यह भी पढ़ें:-अंबेडकरनगर: इलाज के दौरान महिला की मौत, स्वास्थ्य विभाग की टीम ने क्लीनिक को किया सील

संबंधित समाचार