सब्र के इम्तिहान का महीना है रमजान: मो. उमेर किदवई
बाराबंकी, अमृत विचार। ईदगाह कमेटी के अध्यक्ष मो. उमेर किदवई से अमृत विचार ने रमजान के पवित्र महीने के बारे मे जानने समझने की कोशिश की तो उन्होंने इसके महत्व के बारे में बताते हुए कहा कि यह महीना रोजेदार के लिए सब्र और इम्तेहान का महीना है। यह मुस्लिम समुदाय के लोगों के लिए खासा महत्व रखता है। मो. उमेर ने बात आगे बढा़ते हुए कहा कि यह पवित्र महीना अपने आपको हर तरह की बुराइयों से बचाकर रखने का महीना है।
यह महीना हमें यह संदेश देता है कि खुद को बुराइयों से बचाते हुए हम अच्छाइयों की ओर कैसे आगे बढ सकें। कमेटी के अध्यक्ष ने अमृत विचार से बाते साझा करते हुए आगे बताया कि कि इस महीने मे भूख प्यास का अहसास होने पर आपको भूख के अहसास होने का पता चलेगा तभी आप आगे बढकर ऐसे मजलूमों की मदद कर सकेगें।
उन्होंने आगे कहा रोजा़ सिर्फ भूखे रहने तक ही नहीं बल्कि रोजा शरीर के हर हिस्से का होता है। आंख का रोजा मतलब बुराइयों को न देखना, कान का रोजा गलत न सुनना, हाथ पैरों के रोजे का मतलब हम इन हाथों पैरों से किसी को नुकसान न पहुचायें।
उन्होंने कहा रोजा रखने वाले इन्सान को बुराइयों और गलत आदतों से तौबा कर लेना चाहिए। इस पवित्र महीने मे अल्लाह अपने बन्दों के लिए रहमतों के दरवाजे खोल देते है। अन्त में उन्होंने अमृत विचार के जरिये जिले वासियों से अपील करते हुए कहा होली हिन्दू भाइयों का रमजान और ईद मुस्लिम भाइयों का त्योहार है दोनों समुदाय के लोगों से चाहूंगा कि एक दूसरे की खुशी का हिस्सा बन सौहार्द पूर्ण वातावरण बनाए रखें।
यह भी पढ़ें:-अब CRPF के कमांडो की सिक्योरिटी में रहेंगे विधायक अभय सिंह, मिली Y श्रेणी की सुरक्षा
