बलरामपुर: संदिग्ध परिस्थितियों में लटका मिला पंचायत सहायक का शव, जांच में जुटी पुलिस
बलरामपुर, अमृत विचार। थाना गौरा चौराहा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम गोविंदपुर में 21 वर्षीय पंचायत सहायक पंकज कुमार का शव संदिग्ध परिस्थितियों मे लटकते हुए पाया गया है। शनिवार सुबह लोगों ने देखा कि मृतक का शव निर्माणाधीन मकान के पिलर से रस्सी के फन्दे से लटका हुआ है। पुलिस की मौजूदगी में शव को नीचे उतारा गया। मृतक के भाई सन्दीप कुमार यादव ने कहा कि मेरे भाई की हत्या की गई है।
विदित हो कि गत शुक्रवार रात करीब 7:45 बजे मृतक पंकज कुमार यादव (21)पुत्र धनीराम खाना खाकर के सोने के लिए नव निर्माणाधीन मकान पर गया था। रात करीब 10:00 तक आसपास के लोगों के संपर्क मे देखा गया। सुबह जब परिजनों ने देखा तो पंकज कुमार के गले में रस्सी का फंदा लगा हुआ था । दोनों हाथ बंधे हुए थे। निर्माणाधीन मकान के पिलर में लगे हुए सरिया में रस्सी बंधा हुआ था। जमीन से करीब 4 फीट ऊपर उसका शव लटक रहा था।
परिजनों ने इसकी सूचना थाना गौरा चौराहा को दी। थाना अध्यक्ष तेज नारायण गुप्ता पुलिसकर्मियों के साथ घटनास्थल पर पहुंचकर जायजा लिया। साथ ही शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना अध्यक्ष ने बताया कि पंकज कुमार पंचायत सहायक के पद पर कार्यरत थे, उनकी जेब से कार्यालय की चाबी , पर्स व मोबाइल बरामद हुआ हैं। अन्य पहलुओं पर जांच पड़ताल की जा रही है।
ये भी पढ़ें -कौशांबी: ट्रक की चपेट में आकर बाइक सवार युवक की मौत, परिवार में कोहराम
