कानपुर में दूसरे प्रदेशों से काम करने आए लोगों के लिए जरूरी खबर; निर्वाचन आयोग ने दिए ये निर्देश...
कानपुर, अमृत विचार। फिल्म जब-जब फूल खिले का गाना याद आता है, परदेशियों से न अंखियां मिलाना, परदेशियों को है एक दिन जाना। निर्वाचन आयोग भी यही संदेश दे रहा है। निर्वाचन आयोग के साथ हुई बैठक में जिलों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर काम करने के लिए कहा गया है। सुरक्षा की पहली परत को आउटर सुरक्षा का नाम दिया गया है। जिसमें पुलिस को सबसे पहले फेस में अपने जिले में रहने वाले विदेशियों की जानकारी कर मतदान से पहले उनको उनके देश जाने की कार्रवाई करने को कहा गया है।
सुरक्षा के दूसरे फेस में उन लोगों की जानकारी की जाएगी जो लोग दूसरे प्रदेशों से आकर शहर की विभिन्न उद्योग में काम करते हैं। इनकी जानकारी बीपीओ के माध्यम से प्रभारी निरीक्षक को कराने के लिए कहा गया है। हालांकि पुलिस अधिकारियों के अनुसार ये वोट का प्रतिशत बढ़ाने की कवायद है। इससे जिलों में शांति भी रहेगी और वोटिंग प्रतिशत भी बढ़ेगा।
पुलिस को देना होगा पूरा ब्यौरा
जो लोग कानपुर शहर के रहने वाले नहीं हैं या दूसरे प्रदेश के रहने वाले हैं। यहां निजी कंपनियों में काम कर रहे हैं। उनकी जानकारी बीपीओ या थाना पुलिस की मदद से कराई जा रही है। उनको उनके प्रदेश जाने के लिए नोटिस जारी किया जाएगा। चुनाव आयोग ने ऐसे लोगों के लिए छूट रखी है, जिनके बिना किसी संस्थान का काम रुक जाएगा। उनको संबंधित थाने में जाकर जानकारी देनी होगी साथ ही एक हलफनामा भी देना होगा। इन सभी लोगों को एक फार्म भी भरना होगा। शासन का मानना है, कि अगर दूसरे प्रदेश के लोग अपने अपने इलाको में जाकर वोटिंग करेंगे तो वोटिंग का प्रतिशत बढ़ेगा।
कानपुर पर एक नजर
देश महिला पुरुष कुल
पाकिस्तान 43 109 152
बांग्लादेश 23 76 99
प. बंगाल 39 105 144
वेस्ट इंडीज 03 11 14
चाइना 23 143 166
आस्ट्रेलिया 00 03 03
कुल विदेशी नागरिक : 578
दो तरह के होते हैं वीजा
वीजा मुख्य रूप से दो तरह के होते हैं। प्रवासी और गैर प्रवासी। अगर कोई व्यक्ति सीमित समय के लिए किसी देश जाना चाहता हो तो वह गैर प्रवासी वीजा लेकर जाएगा। लेकिन अगर उद्देश्य दूसरे देश जाकर वहां बसना हो तो इसके लिए प्रवासी वीजा लेना होता है। कानपुर में कुल 578 विदेशी वीजा पर लोग रह रहे हैं। यहां गैर प्रवासी वीजा पर 432 लोग रह रहे हैं। जबकि प्रवासी वीजा पर 146 लोग रह रहे हैं।
लोकसभा चुनाव में किसी तरह का कोई उपद्रव न हो इसको लेकर इंटेलिजेंस की रिपोर्ट के बाद निर्वाचन आयोग और शासन का आदेश है कि किसी भी तरह विदेशियों को शहर में मतदान के दौरान न रोकें। -अखिल कुमार, पुलिस कमिश्नर
