अंबेडकरनगर: कोचिंग जा रही छात्रा से दूसरे समुदाय के तीन युवकों ने किया सामूहिक दुष्कर्म, गिरफ्तार
पुलिस ने तीनों आरोपितों पर दर्ज किया मुकदमा
अंबेडकरनगर, अमृत विचार। जनपद के हंसवर थाना क्षेत्र में कोचिंग जा रही छात्रा से दूसरे समुदाय के तीन युवकों द्वारा सामूहिक दुष्कर्म करने का मामला प्रकाश में आया है। जब युवती ने विरोध किया तो तीनों आरोपियों ने पिटाई कर उसे बंधक भी बनाए रखा। मामले में छात्रा के भाई की तहरीर पर पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है।
बता दें कि हंसवर थाना क्षेत्र निवासी 21 वर्षीय युवती बीएससी द्वितीय वर्ष की छात्रा है। बीते दिवस पर साइकिल से हीरापुर बाजार में कोचिंग पढऩे जा रही थी। आरोप है कि रास्ते में पहले से मौजूद आमिर, फैज, फराज निवासी मुंडेरा ने उसे रोक लिया। जिसके बाद फैज और फराज ने जबरदस्ती युवती को अपने बाइक पर बिठा लिया। इसके बाद गांव से दूर फराज के ट्यूबवेल पर ले गए। कुछ देर बाद आमिर भी साइकिल से वहां पहुंच गया। तीनों ने छात्रा के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया।
आरोपियों ने विरोध करने पर पोडि़ता की पिटाई भी की। इसके बाद उसे ट्यूबवेल के अंदर बंद कर दिया। लोगों की सूचना पर पीडि़ता का भाई भी मौके पर पहुंचा तो ट्यूबवेल के अंदर आमिर अर्धनग्न अवस्था में मिला, जबकि युवती लहुलुहान होकर मौके पर पड़ी थी। पीडि़ता ने अपने भाई को आपबीती सुनाई। इसके बाद थाने पहुंचकर पीडि़ता और उसके भाई ने मामले की शिकायत की। जिसके बाद पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी। वहीं पीडि़ता को मेडिकल परीक्षण के लिए अस्पताल भेज दिया है।
पुलिस अधीक्षक डॉ. कौस्तुभ के निर्देश पर अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए थे। जिसके बाद पुलिस ने रविवार को तीनों अभियुक्तों मो. आमिर पुत्र मो. सरवर, मो. फैज पुत्र कल्लन उर्फ गुलाम साबिर, मो. फराज पुत्र जमालुद्दीन निवासी मुंडेरा थाना हंसवर को मुखबिर की सूचना पर पृथ्वीपुर मोड़ हीरापुर बाजार के पास गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अन्य विधिक कार्रवाई में जुटी हुई है।
अभियुक्तों को गिरफ्तार करने वाली टीम में हंसवर थानाध्यक्ष सुनील कुमार पांडेय, उप निरीक्षक दयाशंकर मिश्रा, कांस्टेबल नरेन्द्र प्रजापति, कांस्टेबल अरविद्र शर्मा, कांस्टेबल कुलदीप सिंह शामिल रहे।
क्षेत्राधिकारी टांडा शुभम कुमार ने बताया कि पीडि़ता के भाई की तहरीर पर मामले में मुकदमा दर्ज कर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं पीडि़ता को मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा गया है।
पुलिस अधीक्षक डॉ. कौस्तुभ ने बताया कि पीडि़ता के भाई की तहरीर पर तीनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेजा रहा है। वहीं पुलिस द्वारा बालिका का मेडिकल और 164 का बयान व अन्य विधिक कार्रवाई पूरी की जा रही है। उन्होंने कहा कि मामले में वैज्ञानिक साक्ष्यों का परीक्षण करते हुए अभियुक्तों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढे़ं: हरदोई: प्रेमिका व दोस्त ने नहीं करीबी रिश्तेदारों ने की थी अधेड़ की हत्या, पुलिस की जांच में हुए हैरतअंगेज खुलासे!
