Kanpur: कार ने चतुर्थ श्रेणी कर्मी को मारी टक्कर...फिर 50 मीटर तक घसीटा, मौत, हादसे के बाद डिवाइडर से टकराया वाहन

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कानपुर में कार की टक्कर से चतुर्थ श्रेणी कर्मी की मौत

कानपुर, अमृत विचार। कल्याणपुर थानाक्षेत्र में घर से किसी काम से जा रहे बाइक सवार चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी को तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी। इस दौरान भागने के चक्कर में कार ने उन्हें 50 मीटर तक घसीट दिया और अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। किसी तरह चालक ने कार को निकाला और तेजी से भाग निकला। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने उन्हें हैलट अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उपचार के दौरान डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। 

मूलरूप से जिला उन्नाव के मारूपुर जसरा निवासी सुधीर कुमार द्विवेदी 45 कल्याणपुर के एक नामचीन स्कूल में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी के पद पर पिछले 15 वर्षों से कार्यरत थे। उनके मामा के बेटे उत्कर्ष ने बताया कि वह अपने भाई पंकज द्विवेदी निवासी अंबेडकर इंस्टीटयूट के साथ रहते थे। 

बताया कि शनिवार रात करीब आठ बजे वह किसी काम से बाइक से जा रहे थे। तभी यूनिवर्सिटी मोड़ पर तेज रफ्तार कार ने उन्हें टक्कर मार दी। परिजनों और प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि कार को भगाने के चक्कर में सुधीर किसी तरह से कार में फंस गए। 

इस दौरान वह करीब पचास मीटर तक उन्हें घसीटते ले गया। आसपास जीटी रोड से गुजर रहे लोगों ने शोर मचाया तो वह अनियंत्रित होकर पास डिवाइडर में टकरा गया। जब तक लोग कार चालक को पकड़ते वह वहां से कार समेत मौके से फरार हो गया। किसी तरह नाजुक हालत में लोगों ने पुलिस की मदद से उन्हें लखनपुर के एक अस्पताल पहुंचाया। 

जहां से हैलट अस्पताल रेफर कर दिया गया। यहां देर रात करीब एक बजे उन्होंने दम तोड़ दिया। घटना के बाद पुलिस ने परिजनों को घटना की जानकारी दी, तो कोहराम मच गया। पत्नी विधि, जुड़वा बेटी रीत प्रीत का रो-रोकर बुरा हाल है। इस संबंध में कल्याणपुर प्रभारी निरीक्षक कुशल पाल सिंह ने बताया कि सीसीटीवी से कार के बारे में पता लगाया जा रहा है। 

रोड क्रॉस करते समय वृद्ध को कुचला, मौत

कल्याणपुर थानाक्षेत्र में 68 वर्षीय शिवशंकर निवासी अंबेडकरपुरम दहलन के पास शनिवार रात डिवाइडर फांदकर डिवाइडर क्रॉस कर रहे थे। तभी अज्ञात वाहन ने उन्हें कुचल दिया। राहगीर की सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच कर घटना की जानकारी परिजनों को दी। 

सूचना मिलते ही परिवार में चीख पुकार मच गई। परिजनों ने बताया कि वह किसी काम से गए थे। घर से दलहन क्रासिंग तक चले गए। वहां से पैदल जा रहे थे। घटना के बाद पत्नी माया व बेटा राज व बेटी मिनी का रो-रोकर बुरा हाल है।

ये भी पढ़ें- Kanpur: मौसेरे भाइयों को पेट्रोल डालकर जिंदा फूंका गया था, चाचा और उनका बेटा निकला हत्यारोपी, बोला- इसलिए की वारदात...

संबंधित समाचार