Fatehpur: ट्रांसफार्मर में तेल रिसाव से लगी आग...कई मोहल्लों की बिजली गुल, बीते दिनों इस तरह से एक की हो चुकी मौत
फतेहपुर में ट्रांसफार्मर में तेल रिसाव से लगी आग
फतेहपुर, अमृत विचार। प्रदेश सरकार ने होली पर्व पर 24 घंटे बिजली सप्लाई चालू रखने का आदर्श जारी किया है। लेकिन विद्युत विभाग की लापरवाही से ट्रांसफार्मर में तेल रिसाव से आग लगने के कारण भीषण आग लग गई। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग लगने से ट्रांसफार्मर और केबिल जल जाने से कई मोहल्ले की बिजली सप्लाई बंद रही।
शहर क्षेत्र के बाकरगंज चौकी के पीछे लगे ट्रांसफार्मर में आग लग गई। ट्रांसफार्मर में आग लगने की जानकारी स्थानीय लोगों ने विद्युत विभाग के अधिकारियों को दिए। इसी बीच ट्रांसफार्मर की आग बढ़ने से पास में बनी एक झोपड़ी भी जल गई। मौके पर पहुंचे विद्युत विभाग के अधिकारियों ने बिजली सप्लाई बंद कराते हुए फायर ब्रिगेड टीम को सूचना दी। सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
ट्रांसफार्मर जलने से बाकरगंज सहित आस पास के कई मोहल्ले की बिजली सप्लाई बंद हो गई। मोहल्ले के रहने वाले शकील अहमद और रिजवान ने बताया कि रमजान का समय चल रहा है। ट्रांसफार्मर जलने से बिजली सप्लाई बंद हो गई। एसडीओ ने बताया कि तीन से चार घंटे में सप्लाई चालू कर दी जायेगी।
होली और रमजान पर बिजली सप्लाई में कोई दिक्कत नहीं होगी। जिला अग्नि शमन अधिकारी उमेश गौतम ने बताया ट्रांसफार्मर में आग लगने की सूचना पर टीम मौके पर पहुंची थी। तेल रिसाव से आग लगने की बात सामने आ रही है। आपको बता दें कि बीते दिन शनिवार को विद्युत विभाग की लापरवाही से एक बिजली कर्मी की तार सही करते समय सप्लाई चालू होने से जलकर मौत हो गई थी।
ये भी पढ़ें- Holi 2024: Fatehpur में होली खेलने की अजब है मान्यता...पीहर में रंग खेलने से दंपति के बीच बढ़ता है प्रेम
