सिक्किम :भाजपा ने एसकेएम सरकार को ‘भ्रष्ट’ करार दिया, चुनाव बाद गठबंधन की संभावना को खारिज किया 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

गंगटोक। सिक्किम क्रांतिकारी मोर्चा (एसकेएम) के साथ गठबंधन तोड़ने के एक दिन बाद भाजपा ने रविवार को सत्तारूढ़ दल पर चौतरफा हमला करते हुए इसे ‘‘भ्रष्ट’’ करार दिया और लोगों से हिमालयी राज्य में तेजी से विकास के वास्ते ‘डबल इंजन’ सरकार लाने के लिए भाजपा को वोट देने की अपील की। 

एसकेएम पर तीखा हमला करते हुए भाजपा की सिक्किम इकाई के प्रवक्ता पासंग शेरपा ने आरोप लगाया कि सत्तारूढ़ दल एक भ्रष्ट सरकार चला रहा है और राजनीतिक हिंसा में लिप्त है। उन्होंने आरोप लगाया कि एसकेएम सरकार राज्य के प्राकृतिक संसाधनों और संपत्तियों को औने-पौने दामों पर बेच रही है। भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि पार्टी के सिक्किम में सत्ता में आने पर भ्रष्टाचार के मामलों की गहन जांच करके दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। 

शेरपा ने एसकेएम के साथ गठबंधन टूटने के पीछे के कारणों पर टिप्पणी करने से इनकार कर दिया और एसकेएम के साथ चुनाव के बाद गठबंधन की संभावना को भी खारिज किया। विधानसभा चुनाव में बहुमत से दूर रहने की स्थिति में सिक्किम डेमोक्रेटिक फ्रंट (एसडीएफ) के साथ गठबंधन की संभावना के बारे में पूछे जाने पर भाजपा नेता ने कहा कि ऐसी स्थिति में पार्टी नेतृत्व जो भी आवश्यक निर्णय लेगा, उसे माना जाएगा। 

यह भी पढ़ें- बावनकुले ने शरद पवार पर साधा निशाना, संविधान बदलने की भाजपा की मंशा की अफवाहों को बताया दुर्भाग्यपूर्ण 

संबंधित समाचार