हरदोई: सड़क हादसे में बाइक सवार मौसा और उसके भांजे की मौत
पाली-पचदेवरा रोड पर दरियाबाद ईंट-भट्ठे के पास मोपेड से हुई टक्कर
हरदोई, अमृत विचार। रिश्तेदारी में होली मिलने जा रहे बाइक सवार मौसा उसके भांजे की सामने से आ रही मोपेड से टकरा कर मौत हो गई। जबकि मोपेड सवार दो युवक ज़ख्मी हो गए। हादसा सोमवार की देर शाम को पाली-पचदेवरा रोड पर दरियाबाद ईंट-भट्ठे के पास होना बताया जा रहा है।
बताया गया है कि सोमवार की शाम को शाहजहांपुर के जलालाबाद निवासी 28 वर्षीय मुखलाल पुत्र रामपाल अपने साढू राजपाल निवासी सिकंदरपुर जलालाबाद के 17 वर्षीय पुत्र शोभित के साथ बाइक से भरखनी अपने मामा के घर होली मिलने जा रहा रहा था। उसी बीच दरियाबाद ईंट-भट्ठे के पास उसकी बाइक और सामने से आ रही मोपेड में ज़ोरदार टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार मुखलाल और शोभित के अलावा मोपेड सवार 23 वर्षीय शिवांशु पुत्र दाताराम व 21 वर्षीय सुरजीत पुत्र रामसागर निवासी चम्पतपुर थाना अल्हागंज शाहजहांपुर ज़ख्मी हो गए। जिसमें बुरी तरह ज़ख्मी मुखलाल और शोभित को पहले सीएचसी ले जाया गया,जहां से उन्हे मेडिकल कालेज में भर्ती कराया गया। वहां मंगलवार को उन दोनों की इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने शवों को अपने कब्ज़े में लेते हुए जांच शुरु कर दी है।
ये भी पढ़ें -हरदोई: कूड़ा फेंकने के विवाद में पड़ोसियों ने लाठियों से पीटकर पड़ोसी को उतारा मौत के घाट
