मथुरा: लोकसभा चुनाव 'फैमिली फर्स्ट' और 'नेशन फर्स्ट' की बात करने वालों के बीच, CM योगी का विपक्ष पर हमला 

मथुरा: लोकसभा चुनाव 'फैमिली फर्स्ट' और 'नेशन फर्स्ट' की बात करने वालों के बीच, CM योगी का विपक्ष पर हमला 

मथुरा। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आगामी लोकसभा चुनाव को 'फैमिली फर्स्ट' की बात करने वाले विपक्ष और 'नेशन फर्स्ट' की बात करने वाले सत्तापक्ष के बीच का मुकाबला करार देते हुए बुधवार को दावा किया कि विपक्ष भ्रष्टाचार का पक्षधर है जबकि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी इस मामले में कत्तई बर्दाश्त नहीं के पक्षधर हैं।

सीएम योगी ने विपक्ष पर बोला हमला
मुख्यमंत्री ने मथुरा में आयोजित 'प्रबुद्ध सम्मेलन' को संबोधित करते हुए विपक्ष पर हमला किया और कहा, '' एक पक्ष (विपक्ष) के लिए परिवार पहले है तो मोदी जी के नेतृत्व में जो पक्ष है उसके लिए राष्ट्र पहले है। परिवार पहले मानने वाला पक्ष अपने कृत्य से माफिया राज को प्रश्रय देता है जबकि मोदी जी का पक्ष कानून के राज को प्रभावी ढंग से लागू करने का काम करता है।'' 

उन्होंने कहा, ''माफिया राज को प्रश्रय देने वाला एक पक्ष भ्रष्टाचार का पक्षधर है और मोदी जी का पक्ष कत्तई बर्दाश्त नहीं है। एक पक्ष तुष्टीकरण के नाम पर व्यक्ति, जाति, मत और मजहब के आधार पर समाज को बांटना चाहता है, लेकिन मोदी जी के नेतृत्व वाला पक्ष सबका साथ, सबका विकास के माध्यम से गरीब कल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के हर एक तबके को देने का पक्षधर है।'' उन्होंने कहा, प्रधानमंत्री के दूसरे कार्यकाल में भारत विश्व की पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनी। मोदी के तीसरे कार्यकाल में देश की अर्थव्यवस्था को दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने का लक्ष्य है। 

सीएम योगी ने बुधवार से लोकसभा चुनाव प्रचार की कमान संभाल ली। उन्होंने मथुरा में पहली जनसभा कर प्रबुद्धजनों से संवाद बनाते हुए सांसद व भाजपा उम्मीदवार हेमामालिनी के पक्ष में वोट देने की अपील की। सीएम योगी ने विभिन्न विकास योजनाओं को गिनाकर मोदी का मतलब भी बताया। 

3e3b5a2b-8e98-4cc7-987d-0f2674c88a51

सीएम योगी ने श्रीकृष्ण जन्मभूमि पर किया दर्शन-पूजन 
इससे पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार सुबह मथुरा में श्रीकृष्ण जन्मभूमि पर दर्शन-पूजन किया। सीएम ने श्रीकृष्ण से स्वस्थ, समृद्धि यूपी की कामना करते हुए सभी की खुशहाली की प्रार्थना की।

500 वर्ष में पहली बार श्रीराम ने अपने धाम में कराए होली के दर्शन 
सीएम योगी ने कहा कि हम सभी ने 'होली खेले ऱघुबीरा' भजन सुना है, लेकिन 500 वर्ष में पहली बार अयोध्या में मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम ने अपने धाम में विराजमान होकर होली के साक्षात दर्शन भी कराए। मथुरा-वृंदावन की गलियां भी इंतजार कर रही थीं। दुनिया के अंदर मथुरा-वृंदावन, बरसाना, गोकुल, गोवर्धन, नंदगांव, बलदेव में खेली गई होली की चर्चा है। श्रद्धालुओं की भीड़ देखते ही बनती है।  

4875f6f7-9c11-438d-9b06-56e162582678

इसी धरती का जज्बा नई ताकत व नई ऊर्जा प्रदान करने वाला 
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस धरती का प्रताप व ताकत है कि 2021 में यमुना मैया के तट पर यहां वैष्णव महाकुंभ का आयोजन हुआ था। वृंदावन बिहारी लाल की असीम कृपा हम पर थी, वैष्णव कुंभ जब तक था तब तक कोरोना का पता नहीं, कुंभ के विसर्जन के उपरांत कोरोना आ गया। यहां का जज्बा नई ताकत व नई ऊर्जा प्रदान करने वाला था। उसी ताकत के बल पर उप्र जैसे बड़े राज्य की आबादी को पीएम मोदी के मार्गदर्शन में कोरोना से बचाव करने में हम सफलता प्राप्त कर सके। 

हर नागरिक की संतुष्टि ही मोदी का आधार 
योगी ने कहा कि 10 वर्ष में आपने बदलते हुए नए भारत को देखा है। सीमा सुरक्षित हुई तो इंफ्रास्ट्रक्चर के बड़े-बड़े कार्य भी हुए। हाइवे, रेलवे, एयरपोर्ट, मेडिकल कॉलेज, विश्वविद्यालय, नए संस्थानों का निर्माण व बिना भेदभाव जरूरतमंदों को गरीब कल्याणकारी योजनाओं का लाभ मिल रहा है। 2014 के पहले जाति, मत, मजहब को ध्यान में रखकर योजनाएं बनाई जाती थीं।

61e3fdd8-170f-4d3d-bd1d-c5c1c01f360a

उन्होंने कहा कि 2014 के बाद सिर्फ सबका साथ, सबका विकास के मंत्र के अनुरूप बिना भेदभाव योजनाओं का लाभ दिया जा रहा है। हर गरीब, व्यापारी, महिला, नौजवान, किसान को लाभ मिल रहा है। सुरक्षा-सब्सिडी सबको दे रहे हैं। तुष्टिकरण नहीं, बल्कि मोदी जी ने हर नागरिक की संतुष्टि को आधार बनाया है। नए भारत में युवा की आजीविका की व्यवस्था, आस्था का सम्मान, पौराणिक विरासत के संरक्षण का कार्य भी हो रहा है। विकास के साथ आम नागरिकों को जोड़ने का कार्य हो रहा है। बेटी-बहन और व्यापारी को सुरक्षा की गारंटी है। किसान को विकास के अभियान के साथ जोड़ने की गारंटी ही मोदी की गारंटी है। 

अब पीठ पर सामान बांधकर कई किमी. नहीं जाते सैनिक
मुख्यमंत्री ने कहा कि हम बिना भेदभाव 140 करोड़ लोगों को अपना परिवार मानते हैं। 2014 के पहले पूर्वोत्तर के राज्यों में उग्रवाद, अलगावाद चरम पर था। जम्मू-कश्मीर में पत्थरबाज हावी थे। सुरक्षा के जवान चोटिल होते थे। आज जम्मू-कश्मीर में पत्थरबाजी समाप्त, धारा-370 समाप्त हो गया। 1952 में कांग्रेस ने यह दंश दिया था, जो देश में उग्रवाद का कारण बना था, लेकिन उसका निदान मोदी जी ने कर दिया। आज कोई भारत की सीमा में घुसपैठ या आतंकी घटना का साहस नहीं कर सकता। यशस्वी नेतृत्व होने से सर्वांगीण विकास होता है। आज सीमावर्ती क्षेत्रों तक भारत का इंफ्रास्ट्रक्चर पहुंचा है। पहले सैनिकों को कई किमी. दूर तक पीठ पर सामान बांधकर जाना पड़ता था, लेकिन अब सीमा क्षेत्र तक भारत की कनेक्टिविटी बेहतर हो गई है।  

गंगा मैया के बाद अब यमुना की बारी है...
उन्होंने कहा कि जब पहली बार सांसद के रूप में हेमामालिनी सदन में पहुंचीं तो कहा कि मैं ब्रज क्षेत्र की प्रतिनिधि बनकर आई हूं। उन्होंने यहां की पीड़ा बताई। आपके सांसद के मुंह से जो आवाज संसद में उठी थी, वह वैसे ही साकार होगी, जैसे एक-एक सपने साकार हो रहे हैं। सीएम ने कहा कि पांच हजार वर्ष पहले श्रीकृष्ण ने कुरुक्षेत्र में पूरी लीलाएं रचीं। उसकी साक्षी बनीं थीं यमुना मैया। यमुना मैया की आवाज संसद में उठी थी, तब उसी समय नमामि गंगे योजना बनाई गई। भारत सरकार ने कार्यक्रम भी प्रारंभ कर दिए। नमामि गंगे के माध्यम से प्रयागराज कुंभ या माघ मेले में संगम में शुद्ध पेयजल भी मिलता है। गंगा मैया के बाद अब यमुना मैया की बारी है। 

समस्या नहीं, समाधान का क्षेत्र है ब्रज
सीएम ने कहा कि कला का प्रतिनिधि आपका प्रतिनिधित्व कर संसद में आवाज बुलंद कर रही हैं। फिल्म जगत की नामचीन कलाकार होने के बाद भी हेमामालिनी ने संसदीय क्षेत्रों के मुद्दों को संसद, मंत्रालयों व मुख्यमंत्री के समक्ष बातों को रखकर समस्या के समाधान पर चर्चा करती हैं। ऐसे जनप्रतिनिधियों की बदौलत ही समस्याओं से समाधान का रास्ता निकलता है। ब्रज क्षेत्र समस्या नहीं, समाधान देता है। 

प्रबुद्धजन सम्मेलन में भारतीय जनता पार्टी की लोकसभा प्रत्याशी व सांसद हेमामालिनी, प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री चौधरी लक्ष्मी नारायण, सांसद तेजवीर सिंह, महापौर विनोद अग्रवाल, विधायक श्रीकांत शर्मा, पूरन प्रकाश, राजेश चौधरी, विधान परिषद सदस्य अशोक कटारिया, नीलश्याम सिंह, ओमप्रकाश सिंह, योगेश चौधरी आदि जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

ये भी पढ़ें- मथुरा: कार और बाइक की टक्कर में तीन लोगों की मौत, दो घायल