Kanpur Dehat Crime: रिटायर पुलिस कर्मी का संदिग्ध हालत में कमरे में मिला शव...फोरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
कानपुर देहात में रिटायर पुलिस कर्मी का संदिग्ध हालत में कमरे में मिला शव
कानपुर देहात, अमृत विचार। अटवा गांव में पुलिस विभाग से सेवानिवृत्त वृद्ध का शव संदिग्ध हालत में कमरे में पड़ा मिला। मृतक के पुत्र ने मौत का सही कारण पता करने के लिए पोस्टमार्टम कराने की मांग की। मौके पर पहुंची पुलिस ने छानबीन की और फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य संकलित किए।
अकबरपुर कोतवाली क्षेत्र के कुम्भी गांव निवासी शिवशंकर ने बताया कि उनके पिता राम सिंह यादव (70) पुलिस विभाग से सेवानिवृत्त थे और वह अपनी रिस्तेदारी भोगनीपुर कोतवाली क्षेत्र के अटवा गांव में रहते थे। बुधवार सुबह उसे पड़ोसियों से सूचना मिली कि उसके पिता की मौत हो गई है।
सूचना मिलते ही वह अन्य परिजनों के साथ अटवा गांव पहुंचा और जानकारी कोतवाली पुलिस को दी। देवीपुर चौकी इंचार्ज धर्मेंद्र मलिक ने मौके पर जाकर छानबीन की और फॉरेंसिक टीम को बुलाकर घटनास्थल से साक्ष्य संकलित कराए।
मृतक के पुत्र शिवशंकर ने मृत्यु का सही कारण पता चलने के लिए शव का पोस्टमार्टम कराये जाने की मांग की। जिस पर पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। देवीपुर चौकी इंचार्ज धर्मेंद्र मलिक ने बताया कि कमरे की दीवार को तोड़कर शव को बाहर निकाला गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।
