लखनऊ: दबंगों की पिटाई से घायल ई-रिक्शा चालक की मौत, जानें पूरा मामला
लखनऊ/काकोरी। पारा थाना अंतर्गत नरपतखेड़ा डूडा कालोनी में रंगोत्सव पर घर में घुसे दबंगों ने लाठी-डंडों के साथ एक ई-रिक्शा चालक मुन्ना साहू (45) व उनकी पत्नी रिंकी देवी की बेरहमी से पिटाई कर दी थी। दबंगों की पिटाई से गंभीर रूप से घायल दंपती को केजीएमयू के ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया था।
जहां, बुधवार को ई-रिक्शा चालक ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। ई-रिक्शा की मौत पर गुस्साए परिजनों ने हमलावरों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग को लेकर सम्बन्धित थाने में तहरीर दी है। जिसके बाद पुलिस ने दर्ज प्राथमिकी में हमलावारों पर गैर-इरादतन हत्या की धारा बढ़ते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
प्रभारी निरीक्षक बृजेश वर्मा के मुताबिक, नरपतखेड़ा डूडा कालोनी ई-रिक्शा चालक मुन्ना साहू सपरिवार रहते थे। बेटे अमन ने बताया कि रंगोत्सव की दोपहर पुरानी रंजिश को लेकर पड़ोसी संजय शर्मा, बेट विकास और राहुल व चार अज्ञात लोगों को लेकर उनके घर में घुस आया था। इसके बाद आरोपियों ने उनके माता-पिता पर किसी वजनदार हथियार से हमला कर दिया था।
दबंगों की पिटाई से उनके माता-पिता की हालत बेहद खराब हो गई थी। जब स्थानीय लोग दंपती को बचाने पहुंचे तब आरोपी लोगों से बदसुलूकी कर उन्हें धमकाने लगे। हालांकि, लोगों ने एम्बुलेंस की मदद से दंपती को केजीएमयू के ट्रामा सेंटर में पहुंचाया। जहां अस्पताल में भर्ती मुन्ना साहू की इलाज के दौरान मौत हो गई। जबकि उनकी पत्नी रिंकी देवी की हालत स्थिर बनी है।
गिरफ्तारी की मांग को परिजनों ने किया हंगामा
ई-रिक्शा चालक मुन्ना साहू की मौत के बाद कॉलोनी में रहने वाले लोग हमलावरों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर थाने पहुंचे और सड़क पर हंगामा करने लगे। हंगामे की सूचना मिलते ही घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने आक्रोशित परिजनों को शांत कराया। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम कराया गया है। वहीं दर्ज प्राथमिकी में हमलावरों के खिलाफ गैर-इरादन हत्या की धारा बढ़ाई गई। हत्यारोपियों की तलाश में पुलिस टीमें दबिश दे रहीं हैं।
यह भी पढ़ें:-बहराइच: ट्यूशन से लौट रही बालिका पर कुत्तों के झुंड ने हमला कर किया घायल
