गोंडा: चकबंदी बैठक में प्रधान और पूर्व प्रधान भिड़े, हुई हाथापाई, जानें वजह
मामला बिगड़ता देख भाग खड़े हुए चकबंदी कर्मचारी
धानेपुर/गोंडा, अमृत विचार। धानेपुर थाना क्षेत्र के विशंभरपुर गांव में आयोजित चकबंदी की बैठक में प्रधान व पूर्व प्रधान आपस में भिड़ गए। विवाद हाथापाई तक जा पहुंचा। हालांकि गांव के अन्य लोगों ने किसी तरह बीच बचाव कराकर मामले को शांत कराया। उधर दो पक्षों के बीत विवाद होता देख चकबंदी कर्मचारी भाग खड़े हुए। मामले में दोनों पक्षों ने एक दूसरे पर आरोप लगाते हुए थाने में तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच कर कही है।
धानेपुर थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत विशंभरपुर में ग्राम पंचायत सचिवालय में चकबंदी अधिकारियों द्वारा चकबंदी प्रक्रिया को लेकर बुधवार को एक बैठक बुलाई गई थी। जिसमें गांव के सैकड़ो ग्रामीण उपस्थित हुए थे। बैठक के दौरान चकबंदी अधिकारियों ने चकबंदी कराने व न कराने को लेकर ग्रामीणों से दस्तखत करना शुरू कर दिया। इसी दौरान पूर्व प्रधान प्रतिनिधि रणवीर सिंह व वर्तमान ग्राम प्रधान प्रतिनिधि सत्य प्रकाश तिवारी के समर्थकों के बीच गाली गलौज व हाथापाई होने लगी। मौके की नजाकत को भांपते हुए चकबंदी अधिकारी मौके से निकल गए।
इस बात को लेकर पूर्व प्रधान प्रतिनिधि रणवीर सिंह व वर्तमान प्रधान ललिता देवी ने थाने पर शिकायती प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई किए जाने की मांग की है। प्रभारी निरीक्षक वेद प्रकाश शुक्ला ने बताया चकबंदी विभाग की बैठक में वर्तमान प्रधान व पूर्व प्रधान के गुटों में हाथापाई हुई है। दोनों पक्षों की ओर से तहरीर मिली है जांच पड़ताल कर कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें:-बहराइच: ट्यूशन से लौट रही बालिका पर कुत्तों के झुंड ने हमला कर किया घायल
