बदायूं: चाचा शिवपाल के चुनावी माहौल को गर्माने आएंगे धर्मेंद्र यादव, जनसभा को करेंगे संबोधित 

पूर्व सांसद का टिकट कटने से कुछ स्थानीय कार्यकर्ताओं ने सोशल साइट्स पर जताई थी नाराजगी

बदायूं: चाचा शिवपाल के चुनावी माहौल को गर्माने आएंगे धर्मेंद्र यादव, जनसभा को करेंगे संबोधित 

बदायूं, अमृत विचार। स्थानीय लोकसभा सीट से लगातार दो बार सांसद रहे धर्मेंद्र यादव का यहां चुनावी माहौल शुरू होते ही बदायूं लोकसभा से टिकट काट दिया था। उनको दूसरी लोकसभा पर प्रत्याशी घोषित करते हुए पार्टी हाईकमान ने उनके चाचा शिवपाल सिंह यादव को यहां प्रत्याशी घोषित किया तो पूर्व सांसद धर्मेंद्र यादव से व्यक्तिगत रूप से जुड़े कुछ कार्यकर्ताओं ने सोशल मीडिया पर नाराजगी जाहिर की थी। इस दूरी को खत्म करने के लिए पूर्व सांसद यहां अपने चाचा शिवपाल सिंह यादव का चुनाव प्रचार करने आ रहे हैं। तीन दिवसीय कार्यक्रम के तहत वह अलग-अलग विधानसभा क्षेत्र में उनकी चुनावी सभाओं को संबोधित करेंगे।

पूर्व सांसद धर्मेंद्र यादव का यहां की जनता से सीधा जुड़ाव रहा है। इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि बाहरी प्रत्याशियों में वह पहले सांसद बने जिन्होंने यहां अपना घर बनवाया। वह लगातार यहां के कार्यक्रमों में सक्रिय रहे और समय-समय पर लोकसभा क्षेत्र के भ्रमण को आते रहे। पिछले चुनाव में हार का सामना करने के बाद भी वह लगातार यहां सक्रिय रहे और कई-कई दिनों तक कार्यकर्ताओं से यहां संपर्क करते रहे। 

सपा ने इस बार भी उनको यहां प्रत्याशी घोषित किया तो कार्यकर्ताओं ने पार्टी के फैसले की सराहना करते हुए चुनाव प्रचार भी लगभग शुरू कर दिया लेकिन उनको यहां से दूसरी लोकसभा में चुनाव लड़ने के लिए भेज दिया गया। उनकी जगह पर सपा हाईकमान ने उनके चाचा शिवपाल सिंह यादव को बदायूं लोकसभा का प्रत्याशी बनाया। हालांकि शिवपाल सिंह यादव के यहां आगमन पर कार्यकर्ताओं में खासा जोश दिखा लेकिन कुछ कार्यकर्ताओं ने सोशल मीडिया पर तीखी प्रतिक्रियाएं शुरू कर दीं। 

माना जा रहा है कि इसी के चलते अपने चुनाव प्रचार के साथ-साथ वह अपने चाचा का भी चुनाव प्रचार करने यहां आ रहे हैं। पार्टी से निर्धारित कार्यक्रम के तहत वह 30 मार्च को बिसौली विधानसभा क्षेत्र में चुनावी जनसभा को संबोधित करेंगे। इसके अगले दिन वह शहर में इस्लामियां इंटर कॉलेज के सामने चुनाव प्रचार करेंगे। एक अप्रैल को वह सहसवान विधानसभा क्षेत्र की चुनावी जनसभा को सहसवान स्थित सपा कार्यालय पर संबोधित करेंगे।

ये भी पढ़ें- बदायूं : पिछली बार गुन्नौर ने किया था सपा का तख्तापलट, यादव बाहुल्य क्षेत्र में पहली बार BJP को मिले थे बंपर वोट