कानपुर से मुंबई और दिल्ली जाने के लिए इस दिन से चालू होगी नई फ्लाइट; आकाशा एयर लाइन की सेवा होगी शहर से शुरू

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Shukla
On

कानपुर, अमृत विचार। शहरवासियों को 30 अप्रैल से दिल्ली और मुंबई के लिए दो अतिरिक्त फ्लाइट की सुविधा मिलेगी। चकेरी एयरपोर्ट की ओर से जारी शेड्यूल में इसकी पुष्टि कर दी गई है। इस तरह 30 अप्रैल से शहर से पांच उड़ानें यात्रियों को मिलेंगी। इनमें दो दिल्ली, दो मुंबई और एक फ्लाइट बेंगलुरू की होगी। 

आकाशा एयर लाइन की फ्लाइट शुरू करने के लिए हाल ही में चकेरी स्थित टर्मिनल का सर्वे किया गया था। इसके बाद मुंबई और दिल्ली के लिए विमान सेवा दो अप्रैल से शुरू की जानी थी। अब विमान सेवा संचालन तिथि को आगे बढ़ाकर 30 अप्रैल कर दिया गया है। वर्तमान में एयरपोर्ट से सिर्फ तीन फ्लाइट दिल्ली, मुंबई और बेंगलूरू के लिए उड़ान भरती हैं। 

मुंबई की नई फ्लाइट पूर्वाह्न 11.30 बजे, दिल्ली का विमान 4.30 बजे

दिल्ली और मुंबई के नई फ्लाइट 30 अप्रैल से सुबह व शाम को मिल सकेंगी। इनमें फ्लाइट संख्या क्यूपी 1914 सुबह 11 बजे चकेरी एयरपोर्ट आकर आधे घंटे बाद यात्रियों को लेकर वापस मुंबई के लिए उड़ान भरेगी। इसी तरह दिल्ली के लिए फ्लाइट संख्या क्यूपी 1882 शाम चार बजे एयरपोर्ट आएगी और आधे घंटे बाद उड़ान भरेगी। मुंबई के लिए शहर से 186 यात्री जबकि दिल्ली के लिए 197 यात्री सफर कर सकेंगे।   

कोलकाता, हैदराबाद व अहमदाबाद के लिए शुरू की जाए विमान सेवा

शहर के उद्यमियों ने मुंबई और दिल्ली के लिए नई फ्लाइट का स्वागत किया है। उनका कहना है कि इससे शहर के लोगों को समय का विकल्प मिल गया है। उद्यमियों की ओर से दिल्ली के लिए एक अतिरिक्त फ्लाइट की लंबे समय से मांग की जा रही थी। इसके लिए मर्चेंट चेंबर ऑफ उत्तर प्रदेश के पदाधिकारियों ने भी प्रयास किए थे। उद्यमियों का कहना है कि दिल्ली के लिए फ्लाइट बढ़ने से वहां से देश-विदेश के लिए कनेक्टिंग फ्लाइट मिल सकती हैं। उद्यमियों ने कोलकाता, हैदराबाद, अहमदाबाद और सूरत जैसे शहरों के लिए भी उड़ान शुरू किए जाने की भी जरूरत बताई है। 

नाइट लैंडिंग सुविधा जल्द शुरू किए जाने की भी उठी मांग

शहर से रात में विमानों के उड़ान भरने और उतरने की सुविधा उपलब्ध कराए जाने के लिए भी उद्यमी काफी समय से मांग कर रहे हैं। उनका कहना है कि विमानों की नाइट लैंडिंग भी एयरपोर्ट पर जल्द ही शुरू की जानी चाहिए। इससे लोगों को दिल्ली से अंतर्राष्ट्रीय फ्लाइट पकड़ने में आसानी हो सकेगी। 

यह भी पढ़ें- Kanpur: होली में शांति और सुरक्षा के अभियान नहीं साबित हुए कारगर; हुड़दंगियों ने तार-तार कर दी पुलिस की सारी तैयारी

 

संबंधित समाचार