मुरादाबाद लोकसभा सीट : आज तक किसी भी महिला को नहीं मिला प्रतिनिधित्व करने का मौका

Amrit Vichar Network
Published By Priya
On

इस बार समाजवादी पार्टी ने महिला प्रत्याशी रुचि वीरा को मैदान में उतरा, 2014 में रामपुर की बेगम नूर बानो मुरादाबाद से आजमा चुकी हैं किस्मत

मुरादाबाद, अमृत विचार। जनपद में 19 अप्रैल को पहले चरण में मतदान होना है। जिसके लिए सभी राजनीतिक दल जोर-जोर से जुटें हैं। भारतीय जनता पार्टी, समाजवादी पार्टी, बहुजन समाज पार्टी और ऑल इंडिया मजलिस-ए- इत्तेहदुल मुस्लेमीन समेत अन्य प्रत्याशियों ने भी अपना नामांकन करा लिया है। जिसमें सपा से महिला प्रत्याशी मैदान में हैं। लेकिन अब तक हुए चुनावों में मुरादाबाद सीट से किसी भी महिला को प्रतिनिधित्व करने का मौका नहीं मिला है। जबकि यहां रहने वाली आधी आबादी ही निर्णायक है। उसके बाद भी मुरादाबाद से आज तक महिला सांसद नहीं बन पाई है।

मुरादाबाद लोकसभा सीट पर पहला चुनाव 1952 में हुआ था। इस सीट पर अब तक हुए 17 चुनावों में बसपा को छोड़कर लगभग सभी प्रमुख दलों के प्रत्याशी जीतकर संसद पहुंचे हैं। जिसमें कांग्रेस, जनसंघ, जनता पार्टी, जनता दल, सपा, अखिल भारतीय लोकतांत्रिक कांग्रेस और भाजपा के अलावा निर्दलीय उम्मीदवार शामिल हैं। इस सीट पर सबसे अधिक चार बार हाजी गुलाम मोहम्मद जीतकर सांसद बने हैं।

उन्होंने दो बार जनता पार्टी और दो बार जनता दल के टिकट पर जीत हासिल की थी। जबकि सपा के टिकट पर तीन बार डॉ. शफीकुर्रहमान बर्क ने जीत दर्ज की थी। इसके अलावा रामसरन ने दो बार और हाफिज मोहम्मद सिद्दीक ने एक बार जीत हासिल की थी। लेकिन इस सीट पर अभी तक महिला उम्मीदवारों को जीत नहीं मिली है। यहां महिला उम्मीदवारों को अभी जीत का इंतजार है। वैसे तो हर बार लोकतंत्र के उत्सव में महिला मतदाताओं पर सबकी नजर रहती है। उनके वोट के लिए राजनीतिक दलों की ओर से कई वादे भी किए जाते हैं। लेकिन जब उनको राजनीति में हिस्सेदारी देने की बात आती है तो सभी पीछे हट जाते हैं।

यही वजह है कि अब तक के लोकसभा चुनावों में मुरादाबाद लोकसभा सीट से किसी भी महिला को प्रतिनिधित्व करने का मौका नहीं मिला है। लेकिन 2024 के लोकसभा चुनाव के लिए अभी तक प्रमुख राजनीतिक दलों की ओर से जो प्रत्याशी घोषित किए गए हैं, उसमें सपा ने ही महिला प्रत्याशी को मैदान में उतारा है। अब मुरादाबाद की जनता 19 अप्रैल को इसका फैसला करेगी कि इस बार लोकसभा सीट का प्रतिनिधित्व कौन करेगा।

ये भी पढ़ें : मुरादाबाद : मामूली बात पर दो पक्षों में मारपीट, 10 आरोपियों का शांति भंग में चालान 

संबंधित समाचार