यूपी में 19 अक्टूबर से खुलेंगे कक्षा 9 से 12 तक के सभी स्कूल-कॉलेज
लखनऊ, अमृत विचार। राजधानी समेत प्रदेश भर में कक्षा नौ से 12 कक्षा तक स्कूल-कॉलेज 19 अक्टूबर से खुल जायेंगे। इस संबंध में प्रदेश के उप मुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा ने आदेश जारी कर दिया है। उन्होंने साफ किया कि ये आदेश यूपी बोर्ड, सीबीएसई बोर्ड, आईसीएसई बोर्ड के सभी विद्यालयों पर लागू होगा। उन्होंने …
लखनऊ, अमृत विचार। राजधानी समेत प्रदेश भर में कक्षा नौ से 12 कक्षा तक स्कूल-कॉलेज 19 अक्टूबर से खुल जायेंगे। इस संबंध में प्रदेश के उप मुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा ने आदेश जारी कर दिया है। उन्होंने साफ किया कि ये आदेश यूपी बोर्ड, सीबीएसई बोर्ड, आईसीएसई बोर्ड के सभी विद्यालयों पर लागू होगा।
उन्होंने बताया कि कन्टेनमेंट जोन के बाहर प्रदेश में संचालित सभी शिक्षा बोर्डों के विद्यालयों के कक्षा 9, 10, 11 एवं 12 में 19 अक्टूबर 2020 से पठन-पाठन भौतिक रूप से पुनः प्रारम्भ किये जायेंगे। उन्होंने बताया कि इसके लिए गाइडलाइन भी जारी की गयी है। विद्यालयों में सेनेटाईजर, हैंडवाश, थर्मलस्कैनिंग एवं प्राथमिक उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। यदि किसी विद्यार्थी, शिक्षक या अन्य कार्मिक को खांसी, जुखाम या बुखार के लक्षण हों तो उन्हें प्राथमिक उपचार देते हुए घर वापस भेज दिया जाए।
दो पालियों में खुलेंगे स्कूल
दो पालियों में स्कूल खोले जाने की अनुमति दी गयी है। ऐसे में दोनो ही पालियों में हर रोज विद्यालय को सैनिटाइज कराना होगा। इसके साथ ही कोई बच्चा बीमार होता है इसकी जिम्मेदारी विद्यालय प्रबंधन की होगी। उन्होंने कहा कि निर्देश दिया गया है कि बच्चों का भविष्य तथा स्वास्थ्य दोनों महत्वपूर्ण हैं। विद्यार्थियों को हैण्डवाश, सेनेटाइजर के प्रयोग के पश्चात ही विद्यालय में प्रवेश दिया जाए। विद्यालयों में प्रवेश के समय तथा छुट्टी के समय मुख्य द्वार पर सोशल डिस्टेन्सिंग का अनुपालन सुनिश्चित कराया जाए साथ ही एक साथ सभी विद्यार्थियों की छुट्टी न की जाए।
एक दिन में 50 प्रतिशत बच्चों को
डॉ. शर्मा ने बताया अधिक संख्या में बच्चे हैं तो उन्हें दूसरी पाली में बुलाया जायेगा। एक दिवस में प्रत्येक कक्षा के अधिकतम 50 प्रतिशत तक विद्यार्थी ही स्कूल आ सकेंगे। वहीं 50 प्रतिशत विद्यार्थियों को अगले दिन बुलाया जायेगा। विद्यार्थियों को उनके माता-पिता, अभिभावकों की लिखित सहमति के उपरान्त ही पठन-पाठन हेतु बुलाया जाय। विद्यालय में उपस्थिति हेतु लचीला रूख अपनाया जाय तथा किसी विद्यार्थी को विद्यालय आने के लिए बाध्य न किया जाए।
