प्रयागराज: सुभाष चौराहे पर लगे तिरंगे का हो रहा अपमान, हो गया मटमैला और बदरंग, महापौर का भी अब तक नहीं गया ध्यान!

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मिथलेश त्रिपाठी, प्रयागराज, अमृत विचार। देश के नेताओं को अपने सफेद कुर्ते की बड़ी फिक्र रहती है। अगर उनका कुर्ता जरा सा भी गंदा हो जाए तो वे झल्ला उठते हैं लेकिन देश के अभिमान हमारे तिरंगा गंदा और मटमैला हो गया है तो सभी उस ओर आंखें मूंदे हैं। आपको बता दें कि 15 अगस्त को आजादी के जश्न के बाद राष्ट्रीय ध्वज का सम्मान ना के बराबर हो गया है। 

दरअसल, जिस तरह से झंडा रोहण करने के कई नियम झंडा संहिता में दर्शाया गया हैं, उसी तरह झंडे के रख रखाव के भी कई नियम दर्शाए गए हैं। लेकिन इस तिरंगे का रखरखाव सही तरीके से नहीं हो पा रहा है। 

जी हां, हम बात कर रहे है सिविल लाइंस सुभाष चौराहे पर लगे तिरंगे की। जो काफी समय से धूल फांक रहा है। चौराहे पर लगा तिरंगा पूरी तरह से बदरंग हो चुका है। शहर के प्रथम नागरिक यानि महापौर उमेश चंद्र केसरवानी, गणेश केसरवानी इस तिरंगे का ध्यान नहीं दे पा रहे है। दरअसल उन्हें अपने कड़क कुर्ते और कोटी का ध्यान पूरा है लेकिन तिरंगे पर ध्यान नहीं जा रहा है। 

बता दें कि सिविल लाइन्स सुभाष चौराहे पर नेता जी सुभाष चंद्र बोस की एक बड़ी प्रतिमा भी लगाई गयी है। उस चौराहे से महापौर रोज कई बार गुजरते होंगे, लेकिन उस तिरंगे पर उनकी निगाहे नहीं जा रही है। बीते महापौर चुनाव के पहले यह तिरंगा झंडा फट गया था। उस वक्त महापौर रही अभिलाषा गुप्ता नंदी ने अमृत विचार में प्रमुखता से चलाई गयी खबर को संज्ञान में लेते हुए तत्काल नया तिरंगा लगवाया था। जिसके बाद से यह तिरंगा उसी तरह से लगा हुआ है। इस तिरंगे को न तो साफ कराया गया और न ही इसे बदला गया। 

स्व. मुलायम सिंह यादव ने किया था प्रतिमा का अनावरण

स्वाधीनता संग्राम के अप्रतिम योद्धा, नेताजी सुभाष चन्द्र बोस की इस प्रतिमा का अनावरण पूर्व मुख्यमंत्री स्व. मुलायम सिंह यादव ने 5 मार्च 1994 को किया था। उस वक्त रवि भूषण वधावन प्रयागराज के नगर प्रमुख थे। उस दौरान लल्लूराम गुप्ता, संयोजक ओ. पी. आर्या मुख्य अभियन्ता नगर महापालिका, अमर नाथ त्रिपाठी प्रा. मुख्य नगर अधिकारी नगर महापालिका संजय अग्रवाल, अधिकांशी नगर महापालिका इलाहाबाद की मौजूदगी में अनावरण किया गया था। 

Untitled-6 copy

तिरंगा देश की शान है। अगर फट गया है या गंदा हो गया है तो उसे बदलवाया जाएगा। इसकी जानकारी नहीं है। जल्दी ही नया झंडा लगवाया जायेगा।

                                                                                       उमेश चंद्र, गणेश केसरवानी, महापौर प्रयागराज

संबंधित समाचार