सुलतानपुर: बेकाबू कार की ठोकर से बुजुर्ग की मौत, युवक गंभीर
लंभुआ कोतवाली क्षेत्र के मामपुर के पास हुई दुर्घटना
लंभुआ/सुलतानपुर, अमृत विचार। धार्मिक कार्य से धोपाप धाम जा रहे बाइक सवार बुजुर्ग व युवक को अज्ञात वाहन ने रौंद दिया। वाहन की टक्कर से बुजुर्ग की घटना स्थल पर ही मौत हो गई, जबकि युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। एंबुलेंस की मदद से घायल युवक को सीएचसी में भर्ती कराया गया। उधर दुर्घटना करने वाला चालक वाहन लेकर फरार हो गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
सुलतानपुर के जयसिंहपुर कोतवाली क्षेत्र के सिसौडा सदरपुर निवासी 65 वर्षीय शेषनारायण पांडेय तथा अमेठी जनपद गौरीगंज कोतवाली क्षेत्र के सरदारपुर निवासी प्रमोद ओझा (30) लंभुआ कोतवाली क्षेत्र के सैतापुर सराय गांव में शनिवार को एक अनुष्ठान कराने गए थे। कार्यक्रम पूरा होने के बाद दोनों लोग बाइक से धोपाप धाम में अनुष्ठान कराने के लिए निकले थे।
मोटर साइकिल को प्रमोद ओझा चला रहे थे तथा शेषनारायण पांडेय पीछे बैठे हुए थे। दोनों लोग मामपुर गांव के निकट पहुंचे ही थे कि एक चार पहिया अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। जिससे दोनों लोग सड़क पर गिर पड़े। ग्रामीणों की मदद से एंबुलेंस द्वारा दोनों को सीएचसी लंभुआ में लाया गया। जहां पर डॉक्टरों ने शेषनारायण पांडेय को मृत घोषित कर दिया। कोतवाली प्रभारी अखंड देव मिश्रा ने बताया कि बुजुर्ग के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है, पुलिस जांच कर रही है।
यह भी पढ़ें:-अयोध्या: रामलला का दर्शन करने पहुंचे वकीलों ने जमकर काटा बवाल, इस वजह से जताई नाराजगी
