बरेली: मौसम में तपिश बढ़ते ही ट्रेनों में पानी का संकट

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली,अमृत विचार।  मौसम में तपिश बढ़ने के साथ ट्रेनों में पानी की किल्लत शुरू हो गई है। इससे यात्रियों को परेशानी हो रही है। शनिवार को मौर ध्वज सुपरफास्ट समेत कई ट्रेनों के अंदर पानी खत्म हो गया। इसकी शिकायत यात्रियों ने रेल अफसरों से की।

12403 ट्रेन में सफर कर रहे एक यात्री ने बताया कि ट्रेन के शौचालयों में पानी पूरी तरह से खत्म हो गया है। ट्रेन के अंदर धूल भरी है। यह स्थिति द्वितीय श्रेणी एसी की है। 12492 मौर ध्वज एक्सप्रेस में सफर कर रहे अंकित मिश्रा ने बताया कि ट्रेन काफी देर मुरादाबाद में खड़ी रही, लेकिन पानी नहीं भरा गया।

ट्रेन के अंदर पानी खत्म हो गया है। वहीं, यात्री की शिकायत पर बरेली जंक्शन पर ट्रेन में पानी भरा गया। 14017 आनंद विहार सद्भावना एक्सप्रेस में सफर कर रहे बख्शी अजय कुमार ने बताया कि ट्रेन के बी-4, बी-5 और बी-6 कोच में पानी नहीं है।

हर चीज पूरी तरह गंदी हो चुकीहै। दरअसल, मुरादाबाद मंडल में आने वाली अधिकांश ट्रेनों के अंदर जंक्शन आते-आते पानी खत्म हो जाता है। इन ट्रेनों में मुरादाबाद या जंक्शन पर पानी की आपूर्ति की जाती है। बरेली में इसका जिम्मा कैरिज एंड वैगन विभाग पर है।

रेल नीर की मांग बढ़ी

गर्मी बढ़ते ही जंक्शन पर रेल नीर की मांग बढ़ गई है। बीते दिनों की तुलना में आपूर्ति दोगुनी हो गई है। पहले 100 पेटी प्रतिदिन रेल नीर की खपत थी, वहीं अब 200 पेटी रेल नीर की खपत हो गई है। मई, जून में यह आंकड़ा 500 पेटी प्रतिदिन तक पहुंचने का अनुमान है।

ये भी पढें-बरेली: इंटरसिटी एक्सप्रेस में फायर अलार्म बजने से खलबली

संबंधित समाचार