लखनऊ: साइबर ठगों ने पांच लोगों से धोखाधड़ी कर ऐंठे 1.21 करोड़, तलाश में जुटी पुलिस
लखनऊ। साइबर अपराधियों ने पांच लोगों से धोखधड़ी कर उनसे 1.21 करोड़ रुपये ऐंठ लिए। पीड़ितों ने लिखित शिकायत देते हुए सम्बन्धित थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है। फिलहाल, साइबर क्राइम सेल यूनिट की मदद से पुलिस जालसाजों की तलाश में जुटी है।
गुड़म्बा के अयोध्या रोड स्थित पार्शवनाथ सिटी निवासी विशाल जौहरी निजी कंपनी में काम करते हैं। कुछ दिन पूर्व जालसाजों ने उनके मोबाइल नंबर को एक वाट्सएप ग्रुप पर जोड़ दिया। फिर ग्रुप एडमिन ने उन्हें एंजेल वन एप डॉउनलोड कराकर उनसे जीपीटी कंपनी का आईपीओ व शेयर में निवेश करने का झांसा दिया।
इस पर उन्होंने 41 लाख निवेश कर दिए, जिसका उन्हें मुनाफा सहित 52 लाख रुपये मिलने थे। मगर न तो उन्हें मुनाफा मिला और न ही रुपये मिले। वहीं, इंदिरानगर थाने में सेक्टर-नौ निवासी धीरेंद्र सिंह ने साइबर अपराधियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है।
पीड़ित का कहना है कि जालसाजों ने घर बैठे कमाई करने का झांसा देकर 35 लाख रुपये ऐंठ लिए है। उधर, अलीगंज थाना अंतर्गत कपूरथला निवासी वीनू अग्रवाल ने बताया कि जालसाजों ने ऑनलाइन निवेश के नाम पर कई मदों में उनसे 23 लाख रुपये हड़प लिए है।
वहीं, ठगों ने गोमतीनगर विस्तार निवासी अश्वनी मल्ल के पार्ट टाइम जॉब के नाम पर 14 लाख ऐंठ लिए। इसके अलावा कृष्णानगर के अमित श्रीवास्तव के मुताबिक उनकी पत्नी सारिका का बीते 13 मार्च को रात 11 बजे मोबाइल कहीं गिर गया था। 17 मार्च को सारिका ने जब नया सिम जारी कर नेट बैंकिग खोला तो पता चला कि उनके खाते से 8.30 लाख रुपये निकल गए।
