अयोध्या: रामनवमी पर श्रद्धालुओं के लिए ट्रस्ट खोलेगा तीर्थ क्षेत्रपुरम के दरवाजे
होली मिलन समारोह में ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय ने किया एलान
अयोध्या, अमृत विचार। रामनवमी पर आने वाले लाखों श्रद्धालुओं के लिए श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने तैयारियां शुरू कर दी है। ट्रस्ट महासचिव चंपत राय ने शनिवार को बताया कि जन्मभूमि पथ से राम मंदिर तक जाने वाले मार्ग पर श्रद्धालुओं को शौचालय और पानी पीने की भी विशेष व्यवस्था बनाई जा रही है। लोगों के लिए तीर्थ क्षेत्र पुरम को खोल दिया जाएगा।
वो विश्व हिंदू परिषद मुख्यालय कारसेवक पुरम में आयोजित होली मिलन समारोह में पत्रकारों से वार्ता कर रहे थे। चंपत राय ने कहा कि तीर्थ क्षेत्र पुरम में पर्याप्त पानी और 200 शौचालय, बड़े टिन शेड के साथ रहने की पर्याप्त व्यवस्था है। उन्होंने समाज के लोगों से छोटे -छोटे स्तर पर भोजनालय चलाने की अपील की।
नवमी पर 22 घंटे के निरंतर दर्शन के प्रश्न पर उन्होंने कहा कि पांच वर्ष के बाल भगवान के कितने घंटे निरंतर दर्शन की व्यवस्था की जा सकती है। इस पर विमर्श के बाद ही कोई निर्णय लिया जा सकेगा। इस मौके पर राम नन्दन दास और एनबी दास की टोली ने फाग गायन भी प्रस्तुत किया। इस मौके पर विहिप के मीडिया प्रभारी शरद शर्मा, ट्रस्टी दिनेंद्र दास, डॉ.अनिल मिश्र व अन्य उपस्थित रहे।
यह भी पढे़ं: अयोध्या: प्रभु रामलला को पहनाया जाएगा सूती वस्त्र, भोग में भी हुआ बदलाव, जानिए क्यों लिया गया निर्णय?
