पीलीभीत: मुख्यमंत्री का दौरा लगा तो आई हाइवे की सूरत बदलने की याद, दिनभर चला विशेष अभियान

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

पीलीभीत,अमृत विचार। लोकसभा चुनाव को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ दो अप्रैल को पीलीभीत आएंगे और प्रबुद्ध सम्मेलन करेंगे। पुलिस लाइन से उनका काफिला टनकपुर हाईवे से गुजरते हुए कार्यक्रम स्थल तक जाएगा।  इसे लेकर हाईवे की बदहाल सूरत को बदलने को टीमें लगा दी गई है।

नगरपालिका की ओर से 50 से अधिक सफाई कर्मियों को सफाई कार्य में लगा दिया गया। राजनीतिक फ्लैक्स होर्डिंग तो आचार संहिता लागू होते ही उतार लिए गए थे, लेकिन अब मार्ग पर लगे अन्य होर्डिंग भी टीम ने उतार दिए।
        लोकसभा चुनाव को लेकर पीलीभीत में मतदान 19 अप्रैल को होना है।  भाजपा से कैबिनेट मंत्री जितिन प्रसाद प्रत्याशी हैं। भाजपा की ओर से मुख्यमंत्री का कार्यक्रम दो अप्रैल को पीलीभीत में जारी किया जा चुका है। वह यहां प्रबुद्ध सम्मेलन करेंगे। आदर्श आचार संहिता लागू है, ऐसे में ये कार्यक्रम सरकारी नहीं है।

इसे लेकर भाजपाई तैयारियां करने में जुटे हैं। सुरक्षा बंदोबस्त और आचार संहिता का पालन कराने के लिए जिम्मेदार भी खाका तैयार कर चुके हैं। इधर, मुख्यमंत्री के पुलिस लाइन से कार्यक्रम स्थल तक कार से जाएंगे। ऐसे में उनका काफिर टनकपुर हाईवे पर पुलिस लाइन से नकटादाना चौराहा, गौहनिया चौराहा होते हुए गुजरेगा।

अभी तक हाईवे के दोनों ओर पत्तों का अंबार और गंदगी का ढेर लगा हुआ था। चूंकि अब मुख्यमंत्री का आगमन है तो व्यवस्था दुरुस्त कराने पर जोर दिया गया है। शनिवार को सफाई कर्मचारियों को लगाकर हाईवे के इस हिस्से पर सफाई कराई गई।

दिन भर कर्मचारी पत्तों के ढेर, कूड़ा करकट को हटाते रहे। एक टीम मार्ग पर लगे फ्लैक्स और होर्डिंग हटवाने में लगी रही। पुलिस लाइन से गौहनिया चौराहा तक सड़क के दोनों ओर चकाचक कर दिया गया। बताते हैं कि अभी इस पर पानी का छिड़काव भी गाड़ी लगवाकर किया जाएगा।

ये भी पढ़ें-पीलीभीत: 15 करोड़ से बनी ईटगांव-बमरौली सड़क एक साल में ही उधड़ने लगी,वीडियो वायरल

संबंधित समाचार