बरेली: सड़क हादसे में एमबीए के छात्र की मौत,साथी घायल
बरेली, भोजीपुरा,अमृत विचार। फ्यूचर काॅलेज के एमबीए के छात्र हिमांशु कुमार (23) की शनिवार दोपहर नैनीताल मार्ग पर सड़क हादसे में मौत हो गई। हादसे में हिमांशु का साथी अंकित कुमार मामूली रूप से घायल हो गया। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
वहीं बेटे की मौत की सूचना मिलते ही परिजन रोते-विलखते पोस्टमार्टम हाऊस पहुंचे। फरीदपुर के मोहल्ला सिसईया रोड निवासी हिमांशु कुमार गौड़ फ्यूचर काॅलेज फरीदपुर में एमबीए का छात्र था। परीक्षा देने के लिए वह कस्बे के ही साथी अंकित कुमार के साथ स्कूटी से श्रीराममूर्ति इंजीनियरिंग काॅलेज में आए थे।
परीक्षा देने के बाद वह उसके साथ घर लौट रहा था। दोपहर करीब एक बजे नैनीताल मार्ग पर बरेली दिशा की ओर से आ रहे ट्रक ने स्कूटी में टक्कर मारी दी। स्कूटी पर बैठै अंकित ने बताया कि हिमांशु ट्रक में फंस गया और ट्रक घसीटता हुआ करीब बीस मीटर तक ले गया। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
परीक्षा देकर लौट रहे छात्रों ने राहगीरों की मदद से ट्रक को पकड़ लिया, जबकि चालक फरार हो गया। घटना के बाद नैनीताल हाईवे पर लगभग 20 मिनट तक जाम लग गया। सूचना पर प्रभारी निरीक्षक भोजीपुरा जगत सिंह एसएस आई टीपी सिंह फोर्स के साथ घटनास्थल पर पहुंचे।
पुलिस ने शव को भिजवाया, साथ ही जाम को खुलवाया। पोस्टमार्टम हाउस पर ही पुलिस ने पंचायत नामे की कार्रवाई की। प्रभारी निरीक्षक भोजीपुरा जगत सिंह ने बताया कि घटना की तहरीर मिलने के बाद रिपोर्ट दर्ज की जाएगी। ट्रक को कब्जे में ले लिया है
चालक फरार है।
ये भी पढ़ें-बरेली: छात्रा का अश्लील वीडियो किया वायरल, बना रहे शादी का दबाव
